महेंद्रगढ़ | महाविद्यालयों में अच्छी पढ़ाई के लिए सिर्फ शिक्षक ही नहीं, बल्कि बेहतर कक्षाएं, आधुनिक लैब और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं भी जरूरी होती हैं। विद्यार्थियों को ऐसी सुविधाएं मिलें तो पढ़ाई का माहौल बेहतर बनता है। इसी दिशा में अब महेंद्रगढ़ जिले के सरकारी कॉलेजों की तस्वीर बदलने की तैयारी है। बता दें कि प्रदेश सरकार ने जिले के सरकारी कॉलेजों में सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 6 विकास एवं निर्माण परियोजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी दी है।

बता दें कि इन कार्यों पर कुल 54.57 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति पर उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया है।
बनेगा साइंस ब्लॉक
राजकीय महिला महाविद्यालय, महेंद्रगढ़ में 15.22 करोड़ रुपये की लागत से 8 अतिरिक्त कक्षाओं और साइंस ब्लॉक का निर्माण होगा। इससे छात्राओं को विज्ञान विषयों की पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। राजकीय महाविद्यालय नांगल चौधरी में 12.35 करोड़ रुपये खर्च कर आधुनिक लाइब्रेरी और टीचिंग ब्लॉक बनाया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।
3 बड़े निर्माण कार्य
राजकीय महाविद्यालय अटेली में साइंस ब्लॉक की संशोधित लागत के लिए 1.45 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। वहीं, 29 कक्षाओं वाले नए भवन के लिए 20.54 करोड़ और मल्टीपर्पज हॉल की संशोधित लागत के लिए 4.04 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। राजकीय महाविद्यालय नारनौल में 94.59 लाख रुपये की लागत से चारदीवारी, गार्ड रूम और मुख्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा।