नई दिल्ली | सरकारी पेंशन से हर महीने घर का खर्च चलाने वाले बुजुर्गों के लिए नवंबर का आखिरी हफ्ता काफी अहम है। अगर आप भी सरकारी पेंशन लेते हैं, तो एक जरूरी काम समय रहते पूरा कर लें। ऐसा नहीं करने पर आपकी पेंशन मिलने में देरी या परेशानी हो सकती है। अच्छी बात यह है कि अब इस काम के लिए बैंक के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है।

पेंशन जारी रखने के लिए पेंशनर्स को हर साल अपना जीवन प्रमाण पत्र यानी लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना होता है। साल 2026 के लिए ज्यादातर सरकारी पेंशनर्स की अंतिम तारीख 30 नवंबर तय है। वहीं, 80 साल या उससे अधिक उम्र के पेंशनर्स 1 अक्टूबर से ही यह प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं।
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट
जीवन प्रमाण (Jeevan Pramaan) एक डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट है। इसके जरिए पेंशनर्स अपनी पहचान और जीवित होने की पुष्टि करते हैं। आधार और बायोमेट्रिक तकनीक की मदद से इसे ऑनलाइन बनाया जा सकता है। फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए भी यह प्रक्रिया पूरी होती है। डिजिटल सर्टिफिकेट पेंशन देने वाले बैंक या विभाग में मान्य है। इसके लिए आधार नंबर, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, PPO नंबर, बैंक खाते की जानकारी, इंटरनेट और कैमरे वाला स्मार्टफोन होना चाहिए। साथ ही मोबाइल में Jeevan Pramaan और Aadhaar Face RD ऐप डाउनलोड करना होगा।
जानें पूरा तरीका
- सबसे पहले मोबाइल में Aadhaar Face RD और Jeevan Pramaan ऐप डाउनलोड करें।
- जीवन प्रमाण ऐप खोलकर आधार नंबर, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करें।
- अब अपना नाम, पेंशन का प्रकार, PPO नंबर और बैंक खाते की जानकारी भरें।
- एक से ज्यादा पेंशन मिलने पर दूसरी पेंशन की जानकारी जोड़ने के लिए ‘Yes’ चुनें।
- इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन शुरू करें और कैमरे के सामने अपना चेहरा रखें।
- ऐप के निर्देशों का पालन करते हुए स्थिर रहें और पलकें झपकाएं।
- पहचान सफल होने पर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बन जाएगा।
- मोबाइल पर SMS के जरिए Pramaan ID और डाउनलोड लिंक मिल जाएगा।
अपनाएं ये ऑप्शन
अगर फेस ऑथेंटिकेशन में परेशानी आती है, तो UMANG ऐप के जरिए भी जीवन प्रमाण पत्र जमा किया जा सकता है। इसके अलावा पेंशनर्स बैंक शाखा या डोरस्टेप बैंकिंग सेवा की मदद भी ले सकते हैं। ऐसे में बुजुर्ग अपनी सुविधा के अनुसार 30 नवंबर से पहले यह जरूरी प्रक्रिया पूरी कर लें।