हिसार में NH-9 पर बनेगा नया फ्लाईओवर, 25 लाख वाहनों को मिलेगी सहुलियत

हिसार | हरियाणा के हिसार में बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच सड़क पर सुरक्षित सफर करना बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। खासकर सिरसा बाइपास और सिरसा चुंगी के आसपास हादसों का खतरा बना रहता है। अब इस समस्या को दूर करने के लिए यहां नया फ्लाईओवर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। बता दें कि राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) पर सिरसा बाइपास स्थित संत गुरु रविदास भवन के सामने फ्लाईओवर प्रस्तावित है।

Hisar Flyover

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा के आग्रह पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इसकी प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। इसके लिए एनएचएआई और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के इंजीनियरों ने संयुक्त सर्वे किया है।

प्रस्तावित फ्लाईओवर

प्रस्तावित फ्लाईओवर का डिजाइन जीजेयू और नई पुलिस लाइन के पास बने फ्लाईओवर की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। इसकी संभावित चौड़ाई करीब 30 मीटर होगी, जिसमें दोनों तरफ 15-15 मीटर का हिस्सा प्रस्तावित है। इसकी लोकेशन दिल्ली रोड पर ब्लू बर्ड के आसपास से सिरसा की दिशा में पेट्रोल पंप के नजदीक तक हो सकती है। हालांकि, अंतिम लंबाई और डिजाइन डीपीआर के बाद तय होंगे। एनएचएआई की टीम ने शुरुआती खाका तैयार कर लिया है।

तकनीकी सलाहकार संदीप बाना, एनएचएआई के एसडीओ अनिकेत श्रीवास्तव और एचएसवीपी के जेई प्रवीण सिहाग ने मौके का निरीक्षण किया। अब सर्वे रिपोर्ट के आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार होगी।

गुजरते हैं लाखों वाहन

आंकड़ों के अनुसार, रामायण टोल से रोजाना करीब 7 हजार भारी वाहन गुजरते हैं। इनकी सालाना संख्या लगभग 25 लाख है। वहीं, रोजाना करीब 15 हजार घरेलू वाहन भी यहां से निकलते हैं। ऐसे में फ्लाईओवर बनने से यातायात का दबाव कम करने और सफर सुरक्षित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। सिरसा चुंगी के टी-प्वाइंट पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा के पास दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

इस स्थान को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है। प्रस्तावित फ्लाईओवर से सेक्टर-14 पार्ट-टू की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ यहां हादसों का खतरा भी कम हो सकता है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.