पोते के लग्न को ताऊ ने बनाया यादगार, नाई- पुजारी को स्कूटी व गौशाला में दान किए ढाई लाख रुपए

महेंद्रगढ़ | शादी- ब्याह (लग्न) में बढ़ते दिखावे और फिजूलखर्ची के बीच कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो पारिवारिक खुशियों को समाजसेवा से जोड़ देते हैं। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के कनीना में एक समाजसेवी ने अपने पोते के लग्न समारोह को यादगार बनाने के लिए ऐसी ही पहल की है। बता दें कि कनीना के वार्ड नंबर 7 निवासी शिब्बू पंसारी ने अपने पोते जतिन मित्तल के लग्न समारोह में पुजारी और नाई को एक-एक स्कूटी भेंट की।

Shibbu Pansari

इसके साथ ही उन्होंने कनीना गौशाला में गोसेवा के लिए 2 लाख 51 हजार रुपये दान किए। समारोह में उन्होंने शगुन के तौर पर सिर्फ 1 रुपया स्वीकार किया। शिब्बू पंसारी और उनकी पत्नी ललिता मित्तल के पोते जतिन मित्तल का विवाह प्रस्तावित है।

लिया 1 रुपया शगुन

इसी सिलसिले में नारनौल से लड़की पक्ष की ओर से राजेंद्र गर्ग अपनी बेटी के साथ लग्न लेकर कनीना पहुंचे। इस दौरान शिब्बू पंसारी ने कहा कि उनके लिए धन-दौलत से ज्यादा रिश्तों का मान-सम्मान और आपसी प्रेम मायने रखता है। समारोह में पुजारी प्रदीप शास्त्री को नई स्कूटी दी गई। उन्होंने परिवार का आभार जताते हुए सभी पर ईश्वर का आशीर्वाद बने रहने की कामना की। वहीं, चेलावासिया निवासी नाई विनोद कुमार को भी स्कूटी भेंट की गई। विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें पहली बार इस तरह स्कूटी उपहार में मिली है और वह इससे बेहद खुश हैं।

गौसेवा के लिए दिए 2.51 लाख रुपये

शादी की खुशी में शिब्बू पंसारी ने कनीना गौशाला को 2 लाख 51 हजार रुपये दान किए। उनका मानना है कि पारिवारिक खुशी के अवसर पर समाज और जरूरतमंदों के लिए भी योगदान करना चाहिए। इस मौके पर दूल्हे के पिता सतीश मित्तल, चाचा विक्की पंसारी, सोनू पंसारी, विकास चौधरी, ज्योति चौधरी सहित परिवार के सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.