फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. लोगों को शहर की सड़कों की भीड़- भाड़ से निजात दिलाने के लिए नए हाइवे और एक्सप्रेसवे बनाए गए हैं और कुछ और नए बनाने की योजना बनाई जा रही है. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस-वे से UP के जेवर एयरपोर्ट तक नई सड़क बनाने की परियोजना को मंजूरी प्रदान की है.
3,630 करोड़ रुपए का विशाल प्रोजेक्ट
फरीदाबाद लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि करीब 31.42 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रोड के निर्माण पर लगभग 3,631 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होगी. यह मार्ग दिल्ली- फरीदाबाद- बल्लभगढ़- सोहना रूट से होते हुए सीधे जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी प्रदान करेगा.
उन्होंने बताया कि इस एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से दक्षिणी दिल्ली, फ़रीदाबाद और गुरुग्राम के लोगों को जेवर एयरपोर्ट तक आवाजाही के लिए सुपरफास्ट सड़क मार्ग की सुविधा मिलेगी. सिग्नल फ्री इस सड़क की बदौलत घंटों का सफर सिमटकर मात्र कुछ मिनटों का रह जाएगा.
उद्योग व निवेश को मिलेगा बढ़ावा
कृष्ण पाल गुर्जर ने बताया कि इस सड़क मार्ग का 11 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा. यह हिस्सा DND- बल्लभगढ़ बाईपास से जेवर एयरपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करेगा और दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस-वे तक सीधी सड़क की सुविधा उपलब्ध कराने का काम करेगा. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट का सफर मात्र 15 मिनट में तय किया जा सकेगा जबकि वर्तमान में इस दूरी को तय करने में लगभग एक घंटे का समय लगता है.
यह नया मार्ग ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और डेडिकेटेड फ्रंट कॉरिडोर से भी जोड़ेगा, जिससे क्षेत्र में मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा मिलेगा. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से क्षेत्र में उद्योग, निवेश और विकास की रफ्तार को और ज्यादा गति मिलेगी.
