भिवानी | हरियाणा के भिवानी- रोहतक नेशनल हाईवे-709 पर गांव खरक कलां के पास सड़क की बदहाल हालत ने वाहन चालकों और ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क करीब एक साल से खराब पड़ी है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई. सड़क पर गंदा पानी जमा होने से हालात और बिगड़ गए हैं. ग्रामीणों के मुताबिक हाईवे से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं, लेकिन टूटी सड़क के कारण वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ता है. उनका आरोप है कि टोल टैक्स की वसूली तो नियमित होती है, लेकिन सड़क की हालत सुधारने की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा.
खरक कलां निवासी जयवीर सिंह ने बताया कि गांव में पीने के पानी की भी गंभीर समस्या बनी हुई है. उन्हें पानी के लिए काफी दूर जाना पड़ता है. कई बार सिर पर पानी ढोकर लाना पड़ता है तो कभी बाइक या साइकिल का सहारा लेना पड़ता है.
नहीं है पर्याप्त सुविधाएं
उन्होंने कहा कि गांव के जलघर में पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं. ग्रामीणों को हैंडपंप से पानी भरकर अपनी जरूरत पूरी करनी पड़ रही है. दूसरी ओर सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से ग्रामीणों को आने-जाने में भी परेशानी होती है. जयवीर सिंह ने विधायक से गांव की सड़क और पेयजल समस्या का समाधान कराने की मांग की. गांव निवासी विजय सिंह फौजी ने रेलवे स्टेशन और सड़क व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि गांव का रेलवे स्टेशन भी ठीक हालत में नहीं है और मुख्य सड़क भी लंबे समय से खराब है.
उठाए गए सवाल
विजय सिंह ने कहा कि गांव में खेतों के कच्चे रास्ते तक इससे बेहतर स्थिति में हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि हाईवे पर टोल टैक्स लिया जाता है, लेकिन सड़क वाहन चलाने लायक तक नहीं है. ग्रामीणों का कहना है कि सरकार विकास के दावे कर रही है, मगर गांव की जमीनी स्थिति में उन्हें इसका असर नजर नहीं आ रहा.
