चंडीगढ़ | सरकारी नौकरी में काम करने वाले कर्मचारियों को समय-समय पर आगे बढ़ने और बड़े पद की जिम्मेदारी संभालने का मौका मिलता है. इसके लिए कई विभागों में कर्मचारियों और अधिकारियों को विभागीय परीक्षा भी पास करनी होती है. अब हरियाणा में ऐसी ही परीक्षाओं का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए जरूरी अपडेट आया है. बता दें कि हरियाणा सरकार ने विभागीय परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है. ये परीक्षाएं 16 नवंबर से शुरू होकर 20 नवंबर तक चलेंगी. इसके लिए पंचकूला के सेक्टर-12A स्थित सार्थक राजकीय एकीकृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है.

अगर कोई पात्र कर्मचारी या अधिकारी इन परीक्षाओं में शामिल होना चाहता है तो उसे 23 अक्टूबर तक आवेदन करना होगा. आवेदन अपने विभागाध्यक्ष या प्रशासनिक सचिव के माध्यम से भेजना जरूरी है.
2 शिफ्ट में होंगी परीक्षाएं
केंद्रीय परीक्षा समिति को सीधे भेजा गया आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. ऐसे में उम्मीदवार आवेदन भेजते समय तय प्रक्रिया का ध्यान जरूर रखें. विभागीय परीक्षाओं के लिए हर दिन दो सत्र रखे गए हैं. पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी. वहीं, दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. 16 से 20 नवंबर के बीच अलग-अलग दिन सहायक आयुक्त, अतिरिक्त सहायक आयुक्त, EAC और तहसीलदारों के साथ कई विभागों के कर्मचारियों और अधिकारियों की परीक्षाएं होंगी.
इन विभागों के कर्मचारी देंगे परीक्षा
इस परीक्षा कार्यक्रम में वन विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, मत्स्य विभाग, विकास एवं पंचायत विभाग, पंचायती राज विभाग, कारागार विभाग, निर्वाचन विभाग, कृषि एवं बागवानी विभाग सहित कई विभाग शामिल हैं. वहीं, तहसीलदारों और प्रशासनिक पदों के उम्मीदवारों के लिए क्रिमिनल लॉ, सिविल लॉ, वित्तीय नियम, राजस्व कानून और हिंदी जैसे विषयों की परीक्षाएं अलग-अलग तारीखों पर रखी गई हैं. 20 नवंबर को परीक्षा का आखिरी दिन होगा. इस दिन प्रशासनिक पदों के उम्मीदवारों के लिए हिंदी, तहसीलदारों के लिए पटवारी क्षेत्रमिति और उर्दू सहित अलग-अलग विभागों से जुड़े विषयों की परीक्षा होगी.
ऐसे में विभागीय परीक्षा देने की तैयारी कर रहे कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए सबसे जरूरी तारीख फिलहाल 23 अक्टूबर है. आवेदन इसी तारीख तक तय माध्यम से जमा करना होगा.