हरियाणा लौटने वाले अग्निवीरों के लिए खुशखबरी, CM ने बनाया प्लान; जानें किन पदों पर मिलेगा आरक्षण

चंडीगढ़ | हरियाणा के हजारों युवा हर साल सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का सपना देखते हैं। अग्निवीर योजना के तहत सेना में जाने वाले युवाओं के सामने 4साल की सेवा पूरी होने के बाद रोजगार का सवाल भी रहता है। ऐसे में हरियाणा सरकार ने सेना से लौटने वाले अग्निवीरों को सरकारी विभागों में नौकरी देने की तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए विभागों में खाली पदों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Agniveer Got Job

हरियाणा सरकार के पास 4 साल की सैन्य सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों की सूची पहुंच चुकी है। CM नायब सिंह सैनी ने इन युवाओं को सरकारी विभागों में समायोजित करने की संभावनाओं पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की है।

20 प्रतिशत तक आरक्षण

हरियाणा सरकार ने अग्निवीरों के लिए सरकारी भर्तियों में पहले से आरक्षण की व्यवस्था की हुई है। जुलाई 2024 में ग्रुप-सी की कुछ सीधी भर्तियों में 5 प्रतिशत और ग्रुप-बी के निर्धारित पदों पर एक प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने की घोषणा की गई थी। इसके बाद अप्रैल 2025 में कुछ पदों के लिए आरक्षण बढ़ाने का फैसला लिया गया. सितंबर 2026 से लागू व्यवस्था के तहत पुलिस कॉन्स्टेबल, आईआरबी और एसडीआरएफ कॉन्स्टेबल, फॉरेस्ट गार्ड, जेल वार्डर, माइनिंग गार्ड, वाइल्ड लाइफ गार्ड और फायर ऑपरेटर-कम-ड्राइवर जैसे पदों पर 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है।

वहीं, अन्य संबंधित ग्रुप-सी पदों पर 5 प्रतिशत और निर्धारित कौशल आधारित ग्रुप-बी पदों पर एक प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था है। अग्निवीरों को भर्ती नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट का लाभ भी दिया जाएगा।

मांगी गई ये जानकारी

इसी बीच सरकार ने अग्निवीरों की नियुक्ति के लिए विभागवार रिक्त पदों का हिसाब जुटाना शुरू कर दिया है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों से पद और श्रेणी के अनुसार खाली पदों की जानकारी मांगी है। इससे पता लगाया जाएगा कि किन विभागों में कितनी रिक्तियां हैं और अग्निवीरों के लिए कितने पद उपलब्ध हो सकते हैं। सीधी भर्ती की प्रक्रिया संबंधित नियमों के तहत हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के माध्यम से अपनाई जाएगी।

47 हजार युवाओं को नौकरी देने का दावा

मुख्यमंत्री ने सरकारी भर्तियों की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले दो वर्षों में करीब 47 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उनके अनुसार, वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री पद की दोबारा शपथ लेने के समय करीब 25 हजार चयनित युवाओं की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस विभाग में करीब 5,500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा, लगभग 8,500 अन्य पदों के लिए परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। ऐसे में सेना से लौटने वाले अग्निवीरों की नजर अब सरकार की अगली कार्रवाई पर रहेगी।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.