मनु भाकर को देखकर शुरू की शूटिंग, 14 साल की आयुषी ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में जीता गोल्ड

हिसार | कई बार टीवी पर देखी गई किसी खिलाड़ी की सफलता बच्चों के मन में भी बड़ा सपना जगा देती है। हरियाणा के हिसार की 14 वर्षीय आयुषी के साथ भी ऐसा ही हुआ। ओलिंपियन मनु भाकर को निशानेबाजी करते देखकर उन्होंने भी शूटर बनने की ठानी और चार साल की मेहनत के बाद राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीत लिया। गांव रावलवास खुर्द की रहने वाली आयुषी ने उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित 35वीं ऑल इंडिया जीवी मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप में यह उपलब्धि हासिल की है।

Ayushi Shooter

उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल के सब-यूथ विमेन व्यक्तिगत वर्ग में 375.8 अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। 23 अक्टूबर से 2 नवंबर तक देहरादून के रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के त्रिशूल शूटिंग रेंज में प्रतियोगिता आयोजित हुई।

किया शानदार प्रदर्शन

इसमें देशभर के निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। आयुषी ने चार सीरीज में क्रमशः 95, 94, 92 और 94 अंक हासिल किए। उनके प्रदर्शन ने उन्हें स्वर्ण पदक दिलाया। आयुषी ने बताया कि करीब चार साल पहले उन्होंने टीवी पर ओलिंपियन मनु भाकर को शूटिंग करते देखा था। उनसे प्रभावित होकर आयुषी ने भी निशानेबाजी सीखने का फैसला किया। इसके बाद कोच संजय मलिक के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास शुरू किया। लगातार मेहनत और अनुशासन से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।

पहले भी जीत चुकी हैं पदक

आयुषी पिछले महीने खेल महाकुंभ में रजत पदक जीत चुकी हैं। पश्चिम बंगाल में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्हें पांचवीं रैंक मिली थी। इसी साल स्कूटी गेम्स में भी उन्होंने चौथा स्थान हासिल किया। आयुषी किसान विनोद मोनू सिहाग की बेटी हैं और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नौवीं कक्षा की छात्रा हैं। उनका छोटा भाई क्रिकेट खिलाड़ी है। इस उपलब्धि पर विधायक चंद्र प्रकाश, गांव के सरपंच राजेश झाझड़िया समेत ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.