बिलबोर्ड पर हरियाणवी गाने ‘बैरण’ ने गाढ़ दिया लठ्ठ, 3 सप्ताह से नंबर- 1 पर कर रहा ट्रैंड

भिवानी | हरियाणवी म्यूजिक अब देश-दुनिया में भी तहलका मचा रहा है. इस म्यूजिक को टॉप पर ले जाने वाले भिवानी जिले के गांव संडवा के दो भाई सुमित और अनूज आज पूरे भारत में सुर्खियों में छाए हुए हैं. इनका नया हरियाणवी गाना ‘बैरण’ देशभर में धूम मचा रहा है और इस गाने को YouTube पर अभी तक 67 मिलियन लोग देख चुके हैं.

YouTube

हरियाणवी गाना ‘बैरण’ बिलबोर्ड पर ट्रैंड कर रहा है और नंबर- 1 पर लोकप्रियता बटोर रहा है. इस गाने को अनुज ने अपनी आवाज दी है और सुमित ने कंपोज किया है. खास बात यह है कि यह गाना बिलबोर्ड इंडिया की लिस्ट में पिछले 3 सप्ताह से टॉप पर बना हुआ है. जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस हरियाणवी गाने को लोग कितना प्यार दे रहे हैं.

क्या हैं गाने के बोल

‘हो, मन्नै सांभ- सांभ राखे तेरे झांझरा के जोड़े. मेरी गेल रो-रो ये भी छोरी बावले से होरे. मन्नै आए जावै ख्याल तेरे, खाए जावै ख्याल तेरे. जीण कोन्या देती, हाय बैरी तन्हाई मन्नै.’

सुमित और अनूज ने बताया कि उन्हें बचपन से ही गाना गाने का शौक है. कोरोना काल के दौरान सिंगिंग में करियर बनाने की ठानी और अपना खुद का YouTube चैनल बनाया. उन्होंने अभी तक 6 गाने रिलीज किए हैं लेकिन पहले पांच गाने हिट नहीं हुएं. अब छठे गाने बैरण ने उन्हें बुलंदियों के शिखर पर पहुंचा दिया है. इस गाने को हरियाणा- दिल्ली सहित उत्तरी राज्यों में ही नहीं बल्कि पूरे भारत के लोगों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है.

मुंबई से आने लगे ऑफर

दोनों भाईयों ने बताया कि बिलबोर्ड इंडिया पर गाना ट्रैंड करने के बाद उन्हें मुंबई से कई बड़ी म्यूजिक कंपनियों से ऑफर आ चुके हैं. हालांकि, अभी तक उन्होंने किसी की हामी नहीं भरी है. हरियाणा में भी मशहूर सिंगर मासूम शर्मा और KD से लेकर पंजाबी सिंगर दिलप्रीत ढिल्लों ने भी उन्हें अपने साथ काम करने का ऑफर दिया है.

अनूज ने बताया कि इसी साल 23 जनवरी को बैरण गाने का ऑडियो रिलीज किया गया था. गाने पर लोगों का प्यार उमड़ने लगा तो उन्होंने सोचा कि इस वीडियो में कुछ ऐसा करना है जिसे लोग महसूस करें. इसलिए उन्होंने इस गाने का एनिमेटेड वीडियो बनाया है. उन्होंने बताया कि उनका म्यूजिक एक सफर दिखाता है. बंजारा जाति में यह चीज कॉमन होती है और हमारे म्यूजिक में भी यह बात प्रमुख थी, इसलिए उन्होंने अपने YouTube चैनल का नाम बंजारा रखा.

क्या हैं बिलबोर्ड?

  • कैटेगरी वाइज सबसे ज्यादा सुने जा रहे गानों की रैंक तय करता है.
  • गानों की बिक्री और स्ट्रीमिंग डेटा से गानों की रैंक तय होती है.
  • गायक की लोकप्रियता, फॉलोअर्स और सोशल मीडिया एंगेजमेंट देखी जाती है.
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.