गुरुग्राम | मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में तेजी से बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए एक ठोस कदम उठाया गया है. बता दें कि गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने मास्टर प्लान 2031 के तहत लगभग 1200 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज सिस्टम का ढांचा मजबूत करने की योजना बनाई है. इस योजना का उद्देश्य गुरुग्राम में सीवरेज क्षमता को बढ़ाना, जलभराव की समस्या को कम करना और आने वाले वर्षों में बेहतर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

4 जोन में विभाजित
योजना के अनुसार, पूरे शहर को 4 जोन में विभाजित कर सीवरेज के संग्रहण, परिवहन और ट्रीटमेंट की नई संरचना तैयार की जाएगी.
- जोन 1 में सेक्टर- 1 से 23, 34 और 37 का सीवरेज धनवापुर प्लांट में जाएगा.
- जोन 2 में सेक्टर 24 से 76 तक का सीवरेज बहरामपुर में ट्रीट होगा.
- जोन 3 में सेक्टर 77 से 80 तक के लिए सेक्टर 78 स्थित 40 MLD, STP से जोड़ने की योजना है.
- जोन 4 में सीवर लाइन बिछ गई है, लेकिन इसे पूरी तरह से चालू करने के लिए सेक्टर- 107 में नए STP का निर्माण किया जाएगा.
433 से बढ़ाकर 542 MLD क्षमता
योजना के तहत, मौजूदा सीवरेज क्षमता को 433 MLD से बढ़ाकर 542 MLD करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बनाए जाएंगे और पुराने नेटवर्क को आधुनिक तकनीक से मजबूत किया जाएगा. इसके साथ ही, शहर के नए सेक्टरों और तेजी से विकसित हो रहे इलाकों में अतिरिक्त सीवर लाइनें भी बिछाई जाएंगी.
GMDA अधिकारियों का कहना है कि अपग्रेडेड सीवर नेटवर्क से न केवल प्रदूषण कम होगा, बल्कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी. उपचारित पानी को फिर से उपयोग की दिशा में भी काम किया जा रहा है, ताकि जल संरक्षण को बढ़ावा मिले.