नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में पांच चरणों में 201 किलोमीटर के साइकिल ट्रैक का निर्माण किया जाएगा. DDA द्वारा बनाए जा रहे इस ट्रैक के पहले दो चरणों को साल के अंत तक पूरा करने की योजना बनाई गई है. बाकी के चरणों को भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा. पहले चरण के तहत 36 किमी, दूसरे चरण में 65 किमी, तीसरे चरण में 46 किमी, चौथे चरण में 25 किमी और पांचवें चरण में 29 किमी के रूट पर ट्रैक का निर्माण होगा.
यह होगा रूट
पहले चरण में संगम विहार से मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन तक ट्रैक बनेगा. दूसरे चरण के तहत, राजेंद्र प्लेस, नारायणा, राजेंद्र नगर, तालकटोरा स्टेडियम, बुद्धा जयंती पार्क, दिल्ली कैंट और धौला कुआं से वसंत विहार तक ट्रैक का निर्माण किया जाएगा. DDA के अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना के सभी पांच चरणों को पूरा करने के लिए 5 साल की समय सीमा तय की गई है.
दोनों तरफ लगेंगे पेड़- पौधे
साइकिल ट्रैक के दोनों तरफ पेड़-पौधे लगाकर इसे हरा- भरा बनाया जाएगा. यहां लगाए जाने वाले पेड़- पौधों की प्रजातियों के नाम बोर्ड पर प्रदर्शित किए जाएंगे. इसके अलावा, बायोडायवर्सिटी पार्क और अन्य पार्कों में पाई जाने वाली पक्षियों और अन्य जीवों की जानकारी भी बोर्ड पर लिखी जाएगी. पेड़- पौधों से गिरने वाली सूखी पत्तियों को संसाधित किया जाएगा.
