दिल्ली का पहला डबल डेकर फ्लाईओवर लगभग तैयार, अक्टूबर तक काम पूरा होने की उम्मीद

नई दिल्ली | यमुनापार के सबसे बड़े जाम प्वाइंट को खत्म करने के लिए गोकलपुरी से भजनपुरा के बीच बन रहे राजधानी के पहले डबल डेकर फ्लाईओवर पर नवंबर से वाहन दौड़ सकेंगे. इस परियोजना का निर्माण कार्य अक्टूबर के अंत तक पूरा करने की डेडलाइन तय की गई है. अधूरे निर्माण कार्य को नए ठेकेदार को सौंपने के बाद अब काम में तेजी आ गई है. ठेकेदार ने सोमवार से निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया है. इससे पहले परियोजना लंबे समय तक रुकी रही क्योंकि पुराने ठेकेदार ने काम बीच में ही छोड़ दिया था. अब बचे हुए हिस्से खासकर दोनों ओर लगभग 20- 20 मीटर के रैंप का निर्माण तेजी से किया जा रहा है.

Double Decker Flyover

इसके ऊपर मेट्रो लाइन और नीचे सड़क यातायात के लिए फ्लाईओवर तैयार किया जा रहा है. एक ही संरचना में मेट्रो और वाहनों का संचालन होने से यह अनूठा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट बन रहा है. इसके शुरू होने के बाद यमुना विहार, गोकलपुरी, भजनपुरा और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है.

जाम से मिलेगी राहत

इन इलाकों में पीक आवर्स के दौरान भारी जाम लगना आम समस्या है जिससे रोजाना हजारों वाहन चालक प्रभावित होते हैं. फ्लाईओवर के चालू होने के बाद गोकलपुरी से भजनपुरा के बीच यातायात काफी सुगम होने की संभावना है. हालांकि, परियोजना से जुड़ी चुनौतियां अभी भी बनी हुई हैं. भजनपुरा मेट्रो स्टेशन के पास यह फ्लाईओवर समाप्त होता है जहां ई- रिक्शा की भीड़ और अतिक्रमण बड़ी समस्या माने जा रहे हैं. इस क्षेत्र में ट्रैफिक को नियंत्रित करना और जाम लगने से रोकना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती होगा. यदि यहां यातायात सुचारू नहीं रहा तो फ्लाईओवर का पूरा लाभ प्रभावित हो सकता है.

यह भी पढ़े -  नौकरी गई तो भी चिंता नहीं, ESIC देगा 3 महीने तक आधा वेतन; जानिए नियम

गुणवत्ता से समझौता नहीं

अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं और इसकी लगातार निगरानी की जा रही है. स्थानीय विधायक अजय महावर ने कहा कि इस फ्लाईओवर को समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करना प्राथमिकता है जिससे लोगों को जल्द से जल्द जाम की समस्या से राहत मिल सके.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.