नई दिल्ली | रंगों के त्योहार होली (Holi 2025) पर यदि आप भी बाहर घूमने की योजना बना रहे हैं, तो इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) आपके लिए बेहद खास ऑफर लेकर आया है, जिसमें आप नाममात्र खर्चे पर श्री माता वैष्णो देवी यात्रा का आनंद उठा सकते हैं. खास बात यह है कि इस पैकेज में धार्मिक और एडवेंचर दोनों शामिल हैं तथा इसकी बुकिंग शुरू हो चुकी है.
खास पैकेज
IRCTC ने यह खास ऑफर नौकरीपेशा लोगों के लिए निकाला है जिन्हें बाहर घूमने के लिए बेहद ही कम समय मिलता है. इसे हवाई विजिट भी कह सकते हैं क्योंकि आप दो दिन में श्री माता वैष्णोदेवी के दर्शन करके वापस लौट सकते हैं. दिल्ली- एनसीआर में रहने वाले लोग इस खास ऑफर का लाभ उठा सकते हैं क्योंकि दिल्ली से ट्रेन का संचालन होगा. पैकेज के तहत, दिल्ली से 9 मार्च को जाना है और 10 मार्च को वापस लौट आएंगे. यदि आप भी जाने का मन बना रहे हैं, तो तत्काल बुकिंग करा लें क्योंकि बहुत कम समय बाकी है और होली की वजह से सीटें जल्दी फुल हो सकती है.
खास पैकेज के तहत नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से सुबह 6 बजे वंदे भारत ट्रेन श्री माता वैष्णोदेवी कटरा के लिए रवाना होगी. दोपहर में कटरा पहुंचकर लग्जरी होटल जाना होगा. इसके बाद माता वैष्णो देवी के दर्शन कर रात्रि में वापस होटल लौट कर विश्राम करेंगे. सुबह आसपास के पर्यटन स्थल पर घूमकर दोपहर का भोजन होटल में रहेगा. इसके बाद, वंदे भारत ट्रेन में सवार होकर दिल्ली के लिए वापसी हो जाएगी.
यह रहेगा किराया
IRCTC के इस खास पैकेज में 7290 रूपए में वंदे भारत ट्रेन से यात्रा, होटल में रुकना, लोकल ट्रांसपोर्ट, नाश्ता, लंच, डिनर सबकुछ शामिल हैं. इस पैकेज के तहत, आपको 3 व्यक्तियों के साथ होटल रूम शेयर करना होगा. यदि आप 2 व्यक्ति हैं और तीसरे के साथ कमरा शेयर नहीं करना चाहते हैं, तो आपको 7660 रूपए का भुगतान करना होगा. यदि आप किसी के साथ भी रूम शेयर नहीं करना चाहते हैं, तो आपको 9145 रूपए देने होंगे.
इस तरह फ़ायदे का सौदा
यह पैकेज आपके लिए बहुत फायदेमंद हैं क्योंकि जिस होटल में आपके ठहरने का प्रबंध किया गया है, उसका एक दिन का किराया ही 4500 रूपए हैं. इस तरह जितने पैकेज का भुगतान कर रहे हैं, उससे आधे में होटल में ठहराव का मजा ले सकते हैं.
