नई दिल्ली | जब भी मौसम में बदलाव होता है, तो लोग कपड़ों या अन्य सामानों की खरीदारी के लिए बाजार का रुख कर लेते हैं. देश के कई राज्यों में इस समय सर्दी विदा हो रही है और गर्मी का मौसम दस्तक दे रहा है. ऐसे में लोगों को गर्मियों के कपड़े, फुटवियर और अन्य जरूरी चीजों की आवश्यकता पड़ने वाली है. आज हम आपको राजधानी दिल्ली (Delhi Market) के उन बाजारों के बारे में बताएंगे, जहां से आप सस्ते दामों में फैशनेबल कपड़े, ज्वेलरी, जूते और बैग्स खरीद सकते हैं.
कम दामों में मिलता है सामान
राजधानी की कई मार्केट्स ऐसी हैं, जो हर मौसम में शॉपिंग के लिए बेस्ट मानी जाती हैं. अगर आपको गर्मियों में कम रेट में कंफर्टेबल और स्टाइलिश कपड़े खरीदने हैं, तो आप इन बाजारों में जा सकते हैं. यहां आपको बहुत ही किफायती दामों में ढेर सारी वैरायटी देखने को मिलती है.
सरोजिनी नगर मार्केट
जो लोग दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहते हैं, उन्होंने ‘सरोजिनी नगर मार्केट’ का नाम जरूर सुना होगा. यहां आपको कपड़े, ज्वेलरी, फुटवियर और अन्य चीजें बेहद सस्ते दामों में मिल जाती हैं. यहां कपड़े और ज्वेलरी के ट्रेडिंग डिजाइन भी देखने को मिलते हैं. गर्मियों के मौसम में खासतौर पर टॉप और कुर्ती की भरपूर वैरायटी उपलब्ध होती है. कॉलेज और ऑफिस जाने वालों के लिए यहां बैग्स भी अच्छे दामों में मिल जाते हैं. आप टैक्सी, ऑटो या मेट्रो की सहायता से यहां आसानी से पहुंच सकते हैं.
जनपथ मार्केट
यहाँ आपको ट्रेडिंग और स्टाइलिश कपड़ों के साथ फुटवियर की भी कई वैरायटी मिलती हैं. यहां मिलने वाली शर्ट और लॉन्ग कुर्ती की कीमत ₹250 से ₹700 तक हो सकती है. इसके अलावा, यहां स्टाइलिश बैग्स का जबरदस्त कलेक्शन भी देखने को मिलता है. गॉगल्स और ऑक्सिडाइज्ड ज्वेलरी की भी यहां कई वैरायटी उपलब्ध हैं.
लक्ष्मी नगर मार्केट
लक्ष्मी नगर मार्केट राजधानी के शॉपिंग प्रेमियों के लिए बेहद खास मानी जाती है. यहां आपको रोजाना पहने जाने वाले कपड़ों के अलावा पार्टी वियर कपड़े भी आसानी से मिल जाते हैं. सूट, साड़ी और ड्रेस के लिए यह मार्केट काफी प्रसिद्ध है. यहां कुर्ती, प्लाजो सेट, बैंगल्स, हर तरह की ज्वेलरी और अन्य सामान रीजनेबल प्राइस में उपलब्ध हैं. यह बाजार लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन से कुछ ही दूरी पर स्थित है.
पालिका बाजार
पालिका बाजार में आपको फैशनेबल और ट्रेडिंग कपड़ों की बेहतरीन वैरायटी मिलती है. यहां टी- शर्ट, टॉप, शर्ट, ट्रैक पैंट, ड्रेस, जींस और अन्य सामान बेहद किफायती दामों में मिलते हैं. इनकी कीमत ₹200 से शुरू हो जाती है. यह बाजार कनॉट प्लेस में स्थित है और इसका नजदीकी मेट्रो स्टेशन राजीव चौक है.
