गुरूग्राम में अनोखा मामला: VIP कार से आए चोर, 400 रूपये के पौधे चुराकर हुए फरार

गुरूग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में 40 लाख रुपये की कार में आए चोरों ने 400 रुपये के पौधे चुरा लिए. जी- 20 समिट में शहर को सजाने के लिए इन पौधों के गमले रखे गए थे. चोरों की लग्जरी कार का नंबर भी वीआईपी है. चोरी का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

Gurugram Flower Chori

वीडियो हुआ वायरल

1 मिनट 7 सेकेंड का वायरल वीडियो गुरुग्राम के शंकर चौक का है. देखा जा रहा है कि एक कार आती है और रुक जाती है. कार से दो व्यक्ति उतरे. चौराहे पर सजावट के लिए रखे विशेष प्रकार के पौधों के गमलों को उठाकर गाड़ी की डिक्की में रख दिया जाता है. वीडियो में पौधा चुराने वाले का चेहरा भी साफ नजर आ रहा है.

पौधों को ट्रंक में रखने के बाद वह कार लेकर भाग जाता है. वीडियो में कार का वीआईपी नंबर भी साफ तौर पर दिखाया जा रहा है लेकिन अभी तक गमला चोर की पहचान नहीं हो पाई है.

बीजेपी नेता ने पोस्ट किया वीडियो

हरियाणा बीजेपी के प्रवक्ता रमन मलिक ने इस वीडियो को शेयर किया है. उन्होंने गुरुग्राम पुलिस-प्रशासन और हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय से कार्रवाई करने की अपील की है. मलिक ने लिखा- यह शख्स 40 लाख की कार में आया और जी20 सम्मेलन के लिए लाए गए पौधों की चोरी कर रहा है. पौधों की दिनदहाड़े लूट शर्मनाक है.

हरियाणा का वीआईपी नंबर

कार में ट्रिपल जीरो के साथ हरियाणा का वीआईपी नंबर है. कार बीना कुमारी नाम की महिला के नाम रजिस्टर्ड है. रमन मलिक के ट्वीट के बाद लोगों ने इसका रिकॉर्ड परिवहन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल से हटवा दिया. इसमें वाहन के नाम पर चालान भी पेंडिंग नजर आ रहा है.

जोरों पर जी- 20 सम्मेलन की तैयारियां 

गुरुग्राम में जी- 20 शिखर सम्मेलन की तैयारियां काफी समय से जोरों पर चल रही हैं. इसमें विदेश से आने वाले मेहमानों को प्रभावित करने के लिए शहर को सजाया जा रहा है. सड़कों के दोनों ओर फुटपाथों पर विशेष प्रकार के पौधे भी रोपे जा रहे हैं ताकि विदेशी मेहमान शहर की खूबसूरती में चार चांद लगा सकें.

पौधे चोरी करने वालों पर होगी कार्रवाई

गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी के ज्वाइंट सीईओ एसके चहल ने कहा कि जी-20 इवेंट के लिए लगाए गए फ्लावर पॉट्स को दो लोगों द्वारा कथित तौर पर चुराने का एक वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला उनके संज्ञान में आया है. आरोपी कार चालक के खिलाफ डीएलएफ फेज 3 थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है.

Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.