बल्लभगढ़ से तीन एक्सप्रेसवे तक पहुंचना होगा आसान, एलिवेटेड ब्रिज निभाएगा अहम भूमिका

फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. ऐसा इसलिए क्योंकि बल्लभगढ़ से तीन एक्सप्रेसवे तक पहुंचना लोगों के लिए आसान हो जाएगा. कनेक्टिविटी की इस कड़ी में मोहना रोड पर बनने वाला एलिवेटेड ब्रिज अहम भूमिका निभाएगा. नए साल में मार्च से इसका निर्माण शुरू हो जाएगा. लोक निर्माण विभाग ने इसका टेंडर जारी कर दिया है. इसके बनने से शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या पूरी तरह खत्म हो जायेगी. बता दें कि इसके निर्माण पर करीब 215 करोड़ रुपये खर्च होंगे.

express way

लोगों को होंगे ये लाभ

पुल के निर्माण के बाद ईस्टर्न एक्सप्रेसवे, ग्रीन एक्सप्रेसवे और दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे तक पहुंचना बहुत आसान हो जाएगा. आगरा हाईवे से इन एक्सप्रेसवे पर जाने के लिए लोगों को किसी भी तरह के जाम में नहीं फंसना पड़ेगा और समय की भी बचत होगी. पुल को बाईपास के पास जोड़ा जाएगा और मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण भी बाईपास के साथ किया जा रहा है. पुल से कुछ ही दूरी पर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का इंटरचेंज बनाया जाएगा.

12 मीटर चौड़ा बनेगा ब्रिज

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यह एलिवेटेड ब्रिज करीब 12 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा. इससे वाहन चालकों का सफर बेहद आसान हो जाएगा. 2.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड प्लेटफॉर्म के निर्माण पर करीब 214.93 करोड़ रुपये खर्च होंगे. कार्यकारी लोक अभियंता प्रदीप सिंधु ने बताया कि फिलहाल मोहना रोड पर बनने वाले एलिवेटेड ब्रिज को बनाने के लिए 160 करोड़ रुपये के टेंडर जारी हो चुके हैं. इसे खुलने में 45 दिन लगेंगे. इसके बाद, कई अन्य प्रक्रियाएं होंगी.

आईएमटी जाना भी होगा आसान

इस सड़क पर चंदावली, मच्छगर, दयालपुर, मोहना, छांयसा, अटाली सहित चार दर्जन से अधिक गांव स्थित हैं. फरीदाबाद, गुरुग्राम और अन्य क्षेत्रों में हजारों उद्योग हैं. इन उद्योगों से माल लेकर आने वाले भारी वाहन इसी सड़क से केजीपी तक आते- जाते हैं. इस रास्ते से आईएमटी के लिए भी जाना आसान हो जाएगा. बाईपास रोड या केजीपी से एना पहुंचने में 30 मिनट से एक घंटे या उससे अधिक का समय लगता है. इसके पूरा होने के बाद सफर सिर्फ 10 मिनट का रह जाएगा.

इस वजह से लगता है जाम

दूसरी तरफ बल्लभगढ़ के मोहना गांव की ओर जाने वाली सड़क पर चंदावली गांव तक दोनों तरफ हजारों दुकानें और मकान बने हुए हैं. इसके साथ ही, मुख्य बाजार भी हैं. प्रतिदिन हजारों लोग आते-जाते हैं. इससे चौराहे पर हर समय जाम लगा रहता है. इस सड़क से 50 से अधिक गांवों के लोग आवागमन करते हैं. कुंडली- गाजियाबाद- पलवल (केजीपी) एक्सप्रेसवे पर चलने वाले हजारों भारी वाहन भी सड़क से गुजर रहे हैं. इस कारण यहां हर समय जाम लगा रहता है.

एलिवेटेड रोड बनने से इन इलाकों को मिलेगा फायदा

चंदावली, सोतई, मच्छगर, बुखारपुर, दयालपुर, पन्हैड़ा, पन्हैड़ा खुर्द, जुन्हैड़ा, अटाली, गढ़खेड़ा, मौजपुर, छायंसा, मोहना, मोठूका, हीरापुर, नरियाला, मरहावली आदि कनेक्टिविटी में सुधार होगा.

Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.