IPS उपासना बनीं जींद की नई SP, जानिए IIT में टॉप करने से लेकर पुलिस सेवा तक का सफर

जींद | हरियाणा में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं, लेकिन कुछ अधिकारियों की उपलब्धियां उन्हें खास पहचान दिलाती हैं। ऐसी ही IPS अधिकारी उपासना यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्हें जींद जिले की पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बता दें कि मंगलवार को हरियाणा में छह आईपीएस और 28 एचपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए।

IPS Upasana Yadav

गृह सचिव सुधीर राजपाल के आदेश के अनुसार, जींद के एसपी कुलदीप सिंह को एसपी सीआईडी मुख्यालय नियुक्त किया गया है। उन्हें एसपी एटीएस का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है। वहीं, एसपी सीआईडी के पद पर तैनात उपासना यादव अब जींद की नई एसपी होंगी।

IIT में टॉप रहीं उपासना

उपासना यादव 2017 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और हरियाणा के रेवाड़ी जिले के गांव नांगल मूंदी की रहने वाली हैं। उन्हें हरियाणा कैडर मिला था। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 596वीं रैंक हासिल की थी, जबकि ओबीसी वर्ग में उनकी रैंक 95वीं थी। पढ़ाई में भी उपासना का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने दसवीं की परीक्षा में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया था। शुरुआती पढ़ाई उन्होंने अपने गांव के भारतीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल से की। वह आईआईटी में भी टॉप कर चुकी हैं।

कई जिलों में संभाल चुकी जिम्मेदारी

उपासना ट्रेनिंग के दौरान कुरुक्षेत्र में थाना प्रभारी और पुलिस उपाधीक्षक के रूप में काम कर चुकी हैं। इसके अलावा वह हिसार में एएसपी भी रहीं। मौजूदा तबादले से पहले वह सीआईडी में एसपी के पद पर तैनात थीं। दरअसल, इस साल फरवरी में कुरुक्षेत्र में एएसआई संदीप पर जमीन बेचने के मामले में पैसे लेकर वापस नहीं करने का आरोप लगा था।

तत्कालीन परिवहन मंत्री अनिल विज ने उपासना से एएसआई को निलंबित करने को कहा था। उपासना ने जवाब दिया कि निलंबन की कार्रवाई उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है और इसके लिए डीजीपी को लिखना होगा। इस मुद्दे पर दोनों के बीच बहस हुई थी।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.