हरियाणा के हांसी को जिला बनाने से पहले ही मचा घमासान, इन गांवों ने शामिल करने पर दी आंदोलन की चेतावनी

हिसार | हरियाणा के हांसी शहर को सरकार जिला बनाने की तैयारियों पर चर्चा कर रहीं हैं लेकिन उससे पहले ही इसको लेकर घमासान मच गया है. हिसार जिले की बरवाला विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले नियाणा के लोगों ने उनके गांव को हांसी में शामिल करने पर सख्त ऐतराज जताया है. इस संबंध में ग्राम पंचायत ने बरवाला से JJP विधायक जोगीराम सिहाग को एक ज्ञापन सौंपा है.

Hansi Niyana

हाइवे जाम करने की चेतावनी

नियाणा गांव के लोगों ने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उनके गांव को हिसार से हटाकर हांसी में शामिल किया जाता है तो सभी ग्रामवासी एकत्रित होकर हिसार- दिल्ली हाइवे जाम कर देंगे और भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे.

विधायक को सौंपा ज्ञापन

नियाणा गांव से सामाजिक कार्यकर्ता रविन्द्र राणा ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि सरकार हांसी को जिला बनाने पर विचार कर रही है. ऐसे में हमारे गांव के लोगों को चिंता सता रही है कि कहीं उनके गांव को हांसी से न जोड़ दें. ऐसे में समस्त गांव के लोगों ने विधायक जोगीराम सिहाग से मिलकर नियाणा गांव को हांसी जिले में शामिल न करने को लेकर प्रस्ताव दिया है.

यह भी पढ़े -  हिसार के किसान बेटे की बड़ी सफलता, अमेरिकी IT कंपनी से मिला 38 लाख रुपये सालाना पैकेज

जिला मुख्यालय से बढ़ जाएगी दूरी

ग्रामीणों ने बताया कि हांसी में शामिल करने से गांव की दूरी 12 से बढ़कर 24 किलोमीटर हो जाएगी. वहीं, स्कूल- कालेज पढ़ने के लिए या अन्य किसी काम से ज्यादातर लोगों का आवागमन हिसार ही रहता है. गांव से हांसी के लिए कोई भी ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध नहीं है. यदि गांव को हांसी में शामिल किया जाता है तो पूरी व्यवस्था चरमरा जाएगी.

BKU की चेतावनी

भारतीय किसान यूनियन (BKU) के जिला प्रधान एवं जिला पार्षद प्रतिनिधि कुलदीप खरड़ ने भी प्रशासन से अपील करते हुए कहा है कि उनके गांव खरड़ समेत नियाणा, खरकड़ी, घिराय, मैयड़, भगाना आदि गांवों को भी हांसी से न जोड़ा जाएं. उन्होंने कहा कि यदि इन गांवों को हिसार से हटाकर हांसी में शामिल किया जाता है तो हम आंदोलन करने पर मजबूर होंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.