नई दिल्ली | देश का पहला हाइपरलूप टेस्ट ट्रैक जल्दी तैयार होने वाला है. इंडियन रेलवे (Indian Railways) द्वारा आईआईटी मद्रास के साथ मिलकर तैयार किए जाने वाले इस ट्रैक से कुछ ही पलों में एक जगह से दूसरे जगह तक की दूरी को तय किया जा सकेगा. इस ट्रैक पर 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेन चलने का सफल टेस्ट हो चुका है. जल्द ही, इस पर 600 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेन चलाने का भी ट्रायल किया जाएगा.
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शेयर किया वीडियो
अगर यह ट्रायल सफल रहता है, तो देश भर में रेलवे के लिहाज से यह एक बड़ी क्रांति होगी. इसके बाद, केवल 50 मिनट में दिल्ली से जयपुर के बीच की दूरी तय की जा सकेगी. इस ट्रक का वीडियो केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया पर शेयर किया. मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, देश की पहली हाइपरलूप ट्रेन मुंबई और पुणे के बीच में चलेगी. इससे इन दोनों स्थानों के बीच का सफर केवल 25 मिनट में तय किया जा सकेगा.
दिल्ली- जयपुर का सफर होगा महज 50 मिनट में तय
दोनों शहरों के बीच की दूरी 150 किलोमीटर है. अगर यह प्रयोग सफल रहता है. इसके बाद, दिल्ली और जयपुर के बीच भी इसे स्थापित किया जाएगा, जिससे इन दोनों शहरों के बीच की 300 किलोमीटर की दूरी केवल 50 मिनट में तय की जा सकेगी. हाइपरलूप एक हाई स्पीड ट्रेन होती है, जिसे वैक्यूम की सहायता से चलाया जाता है. यह ट्रेन अधिकतम एक हजार किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ सकती है.
