चंडीगढ़ | राजनीति में अलग-अलग दलों से जुड़े नेताओं के परिवारों के बीच रिश्ते बनना अक्सर चर्चा में रहता है। हरियाणा के जगाधरी से कांग्रेस विधायक अकरम खान की बेटी की शादी भी इन दिनों सुर्खियों में है। इस निकाह में राजनीति से जुड़े कई बड़े चेहरों ने शिरकत की। बता दें कि विधायक अकरम खान की बेटी अफशां का निकाह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज हुसैन से हुआ है।

निकाह की रस्में रविवार रात नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित PSOI क्लब में आयोजित की गईं। अफशां ने मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल की है, जबकि अरबाज इंपोर्ट-एक्सपोर्ट का कारोबार करते हैं। दोनों का रिश्ता अरेंज मैरिज के जरिए तय हुआ।
शामिल हुए राजनीतिक दिग्गज
इस समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई प्रमुख नेताओं के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। शादी से कुछ दिन पहले अकरम खान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी न्योता देने पहुंचे थे। उस समय उनके साथ परिवार के सदस्य और कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा भी मौजूद थीं।
आज नई दिल्ली मे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सैयद शाहनवाज हुसैन जी के सुपुत्र के विवाह समारोह में सम्मिलित होकर नवयुगल को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं तथा उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। https://t.co/nMXKT2WFxp
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) October 25, 2026
अकरम खान यमुनानगर जिले के खिजरी गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने 1996 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा। वर्ष 2009 में बसपा के टिकट पर जगाधरी से विधायक बने और बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए। 2024 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर उन्होंने 67,403 वोट हासिल कर जीत दर्ज की।
राजनीतिक सफर
वे ओमप्रकाश चौटाला सरकार में गृह राज्य मंत्री और बाद में विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी रह चुके हैं। उनके पिता चौधरी मोहम्मद असलम खान भी विधायक रहे थे। अरबाज हुसैन के पिता शाहनवाज हुसैन वर्ष 1999 में किशनगंज से लोकसभा सांसद चुने गए थे। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में उन्होंने कई केंद्रीय मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली और सितंबर 2001 में नागरिक उड्डयन मंत्री बने। बाद में वे भागलपुर से भी सांसद चुने गए। वर्ष 2021 से 2022 तक वे बिहार सरकार में उद्योग मंत्री रहे। फिलहाल वे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं।