हरियाणा के 1.20 लाख कर्मचारियों की बढ़ेगी सैलरी, जानें किसे मिलेंगे कितने रुपये

चंडीगढ़ | सरकारी विभागों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए वेतन में बढ़ोतरी बड़ी राहत लेकर आती है। हरियाणा में कौशल रोजगार निगम के तहत काम कर रहे हजारों कर्मचारियों को भी जल्द बढ़ी हुई सैलरी मिल सकती है। इससे उनके मासिक वेतन में अनुभव और जिले की श्रेणी के हिसाब से इजाफा होगा। बता दें कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (HKRNL) के तहत सरकारी विभागों, बोर्ड-निगमों और स्वायत्त संस्थानों में कार्यरत करीब 1.20 लाख कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी की तैयारी है।

HKRN Salary Hike

संबंधित प्रस्ताव को वित्त और मानव संसाधन विभाग की मंजूरी मिल चुकी है, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहले ही सैद्धांतिक सहमति दे चुके हैं। अब निगम के सीईओ की ओर से आदेश जारी होने का इंतजार है।

1540 रुपये तक बढ़ोतरी

प्रस्ताव के मुताबिक कर्मचारियों की सैलरी में हर महीने 820 रुपये से 1,540 रुपये तक का इजाफा हो सकता है। संशोधित वेतन एक जुलाई से लागू करने का प्रस्ताव है। बढ़ी हुई राशि कर्मचारी के लेवल, अनुभव और संबंधित जिले की श्रेणी पर निर्भर करेगी। पहली श्रेणी के जिलों में लेवल-1 के कर्मचारियों को पांच साल तक के अनुभव पर 21,950 रुपये, दस साल तक के अनुभव पर 24,150 रुपये और इससे अधिक अनुभव पर 26,340 रुपये मासिक मिलेंगे। लेवल-2 में वेतन 25,830 से 31,000 रुपये और लेवल-3 में 26,570 से 31,890 रुपये तक होगा।

दूसरी और तीसरी श्रेणी के जिलों की सैलरी

दूसरी श्रेणी में लेवल-1 का वेतन अनुभव के अनुसार 19,380 से 23,260 रुपये, लेवल-2 का 23,160 से 27,800 रुपये और लेवल-3 का 23,940 से 28,730 रुपये तक प्रस्तावित है। वहीं, तीसरी श्रेणी में लेवल-1 के कर्मचारियों को 17,910 से 21,500 रुपये, लेवल-2 को 21,840 से 26,210 रुपये और लेवल-3 को 22,530 से 27,040 रुपये तक मासिक वेतन मिल सकता है।

इस श्रेणी में ये जिले

पहली श्रेणी में गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला, सोनीपत, दिल्ली और चंडीगढ़ शामिल हैं। दूसरी श्रेणी में पानीपत, झज्जर, पलवल, करनाल, अंबाला, हिसार, रोहतक, रेवाड़ी, कुरुक्षेत्र, कैथल, यमुनानगर, भिवानी और जींद हैं। तीसरी श्रेणी में महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, सिरसा, नूंह और चरखी दादरी शामिल हैं।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.