नई दिल्ली | जल्दी ही अलवर वासियों को पनियाला हाईवे की सौगात मिलने वाली है, इससे दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे एवं जयपुर- दिल्ली हाईवे के बीच की कनेक्टिविटी बेहतर हो पाएगी. वर्तमान में दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे (Delhi Mumbai Expressway) पर जाने के लिए शीतल तक ही वाहन चालक जाते थे, लेकिन भविष्य में गाजूका के पास से निकलकर पनियाला हाईवे पर वाहन चालक जा सकेंगे. सब कुछ ठीक रहा तो अलवर से गाजूका तक रोड का निर्माण किया जाएगा. इससे वाहन चालकों को अब शीतल तक की 10 किलोमीटर की दूरी को तय नहीं करना पड़ेगा.
दूरी होगी 25 किलोमीटर तक कम
यह कनेक्टिविटी हो जाने के बाद अलवर से दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे तक की दूरी 25 किलोमीटर तक कम हो जाएगी. साथ ही, 40 मिनट का समय भी बचेगा. वर्तमान में लोगों को दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे पर जाने के लिए शीतल तक का 35 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा है, जिसमें करीब 1 घंटे का समय लग जाता है. गाजूका से कनेक्टिविटी होने के बाद 8 से 10 किलोमीटर का सफर केवल 10 मिनट में तय किया जा सकेगा.
सर्वे के दिए गए निर्देश
अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस मार्ग को बनाए जाने पर विचार चल रहा है, इसके सर्वे के लिए भी निर्देश दिए जा चुके हैं. पनियाला- बड़ौदामेव हाईवे कोटपूतली, बानसूर, मुंडावर, किशनगढ़बास, अलवर, रामगढ़, लक्ष्मणगढ़ से होता हुआ 86 किलोमीटर लंबाई यह हाईवे दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगा. बता दें कि गाजूका एरिया अलवर के सबसे नजदीक पड़ता है. शहर के बीच से इसकी दूरी 10 किलोमीटर और हनुमान सर्किल से करीब 8 किलोमीटर है.
