नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली की महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सरकार ने महिला सम्मान योजना (Mahila Samman Yojana) और संजीवनी योजना (Sanjivini Yojana) की शुरुआत की है. इसके लिए सोमवार 23 दिसंबर से रजिस्ट्रेशन शुरू किए जाएंगे. आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसकी घोषणा की. ‘आप’ मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवालों के जवाब देते हुए केजरीवाल ने बताया कि महिला सम्मान निधि के 2,100 रूपए की सहायता राशि के लिए कल से रजिस्ट्रेशन शुरू किया जाएगा.
कल से शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन
इसके लिए लोगों के घरों में हमारी टीमें जाएंगी और वहां पर रजिस्ट्रेशन का काम किया जाएगा. दूसरी तरफ संजीवनी योजना के तहत जिन बुजुर्गों की उम्र 60 वर्ष या उससे अधिक है, उन्हें मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी. इसका खर्चा दिल्ली सरकार वहन करेगी. इसका रजिस्ट्रेशन भी कल से शुरू किया जाएगा. इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए दिल्ली का वोटर कार्ड होना जरूरी है.
कल से पूरी दिल्ली में महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो रहा है। https://t.co/0i8aJgNPmQ
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) December 22, 2024
बुजुर्गों के लिए पेश की संजीवनी योजना
उन्होंने कहा कि बीते 12 दिसंबर को दिल्ली सरकार द्वारा मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना की शुरुआत की घोषणा की गई थी. यदि विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी की सरकार फिर से बनती है, तो मासिक सहायता राशि को एक हजार रूपए से बढ़ाकर ₹2100 कर दिया जाएगा. इसके अलावा 18 दिसंबर को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया था कि यदि चुनाव के बाद उनकी सरकार बनती है तो संजीवनी योजना लागू की जाएगी और दिल्ली के जो बुजुर्ग 60 साल से ऊपर की उम्र के हैं, उनका मुफ्त इलाज करवाया जाएगा.
