नई दिल्ली | नए साल के जश्न के आयोजनों और संभावित ट्रैफिक लोड से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस की ओर से ट्रैफिक एडवाइजरी (Traffic Advisory) जारी की गई है. यदि आप भी नववर्ष की पूर्व संध्या पर कहीं जश्न में शामिल होने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी को ध्यान से पढ़ लें.
इस एडवाइजरी के मुताबिक, 31 दिसंबर की शाम को कनॉट प्लेस और उसके आसपास ट्रैफिक मूवमेंट पर पूरी तरह से रोक रहेगी. केवल उन्हीं वाहनों को कनॉट प्लेस की ओर जाने की परमिशन होगी, जिनके पास होटल या रेस्तरां की बुकिंग होगी. इसके लिए भी होटलों की तरफ से पार्किंग लेबल जारी किए जाएंगे.
भीड़ बढ़ने पर राजीव चौक मेट्रो स्टेशन को कुछ समय के लिए बंद किया जा सकता है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि 31 दिसंबर की शाम को बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम कनॉट प्लेस पर उमड़ता है. जिसको देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कनॉट प्लेस के आसपास व्यापक बंदोबस्त किए हैं.
इन रास्तों पर सफर करने से करें परहेज
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के मुताबिक, 31 दिसंबर की रात 8 बजे के बाद निजी एवं सार्वजनिक वाहनों को कनॉट प्लेस की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा. वाहनों को मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, मिंटो रोड, चेम्सफोर्ड रोड, आरके आश्रम- चित्रगुप्त मार्ग चौक, गोल मार्केट, गोल डाकखाना, पटेल चौक, केजी मार्ग, फिरोजशाह रोड क्रॉसिंग, जय सिंह रोड, विंडसर प्लेस से आगे जाने पर रोक रहेगी. कनॉट प्लेस के अंदर, मध्य एवं बाहरी सर्किल में केवल पास लगे वाहनों को ही एंट्री की परमिशन मिलेगी.
यहां मिलेगी पार्किंग की सुविधा
अन्य वाहनों को गोल डाकखाना, काली बाड़ी मार्ग, पंडित पंत मार्ग, भाई वीर सिंह मार्ग, रकाबगंज रोड, कॉपरनिक्स मार्ग से बड़ौदा हाउस, डीडीयू मार्ग, आरके आश्रम मार्ग, चित्रगुप्त रोड, बसंत रोड, फिरोजशाह रोड चौक, केजी मार्ग से सी- हेक्सागन की तरफ, बंगाली मार्केट के पास बाबर रोड एवं तानसेन मार्ग, विंडसर प्लेस के पास राजेन्द्र प्रसाद रोड, रायसीना रोड, गोल मार्केट के पास पेशवा रोड, भाई वीर सिंह मार्ग और जंतर- मंतर रोड पर पार्किंग की सुविधा मिलेगी. यहां सीमित पार्किंग व्यवस्था होने के चलते पहले आने वाले वाहनों को ही पार्किंग का लाभ मिलेगा.
यहां पर डायवर्ट रहेगा ट्रैफिक
इंडिया गेट के पास भीड़- भाड़ ज्यादा होने पर सी- हेक्सागन के आसपास वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी जाएगी. इंडिया गेट की तरफ आने वाले वाहनों को क्यू पाइंट, सुनहरी मस्जिद, जनपथ, राजपथ- रफी मार्ग, विंडसर प्लेस, जनपथ पर राजेंद्र प्रसाद रोड, केजी मार्ग- फिरोजशाह रोड, मंडी हाउस, डब्ल्यू पाइंट, मथुरा रोड- पुराना किला रोड, मथुरा रोड- शेरशाह रोड, एसबीएम- जाकिर हुसैन मार्ग और एसबीएम- पंडारा रोड से डायवर्ट किया जाएगा.
