नई दिल्ली | भारतीय रेलवे (Indian Railways) की तरफ से 10वीं पास उम्मीदवारों को सरकारी नौकरी करने का मौका दिया जा रहा है. बिना आईटीआई डिप्लोमा वाले 10वीं पास युवाओं को रेलवे में रोजगार के मौके देने के लिए रेलवे बोर्ड ने लेवल- 1 के पदों पर भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मानदंडों में छूट प्रदान की है.
32000 पदों पर भर्ती के लिए जारी हुई अधिसूचना
पहले लेवल- 1 को ग्रुप डी कहा जाता था जिसे अब बोर्ड ने बदलकर लेवल- 1 कर दिया है. लेवल- 1 के पदों में विभिन्न विभागों के सहायक, प्वाइंटमैन और ट्रैक मेंटेनर के पद आते हैं. रेलवे भर्ती बोर्ड ने हाल ही में लेवल 1 के पदों पर करीबन 32 हजार उम्मीदवारों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया 23 जनवरी से शुरू होगी तथा 22 फरवरी तक चलेगी.
लेवल 1 के लिए अब ITI डिप्लोमा नहीं होगा अनिवार्य
नए मानदंडों के मुताबिक, अब 10वीं पास उम्मीदवार लेवल- 1 की परीक्षा के लिए आवेदन कर पाएंगे. लेवल- 1 नौकरी के उम्मीदवार के लिए अब आईटीआई डिप्लोमा अनिवार्य नहीं होगा. इससे पहले तकनीकी विभागों के लिए आवेदन करने के लिए 10वीं पास होने के साथ ही राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीटी) द्वारा दिया गया राष्ट्रीय शिक्षुता प्रमाण पत्र (एनएसी) या आईटीआई डिप्लोमा कंपलसरी था. बिना एनएसी या आईटीआई डिप्लोमा वाले उम्मीदवार इन पदों के लिए आवेदन नहीं कर सकते थे.
सभी रेलवे जोनों को भेजा गया लिखित संदेश
रेलवे बोर्ड की तरफ से सभी रेलवे जोनों को दो जनवरी को लिखित संदेश भेजा गया है. भेजे गए लिखित संदेश में रेलवे द्वारा कहा गया है कि इस मुद्दे की समीक्षा के बाद पहले के निर्देशों में बदलाव का फैसला लिया गया. बोर्ड ने फैसला लिया है कि लेवल- 1 पदों के लिए भविष्य की सभी भर्तियों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास या आईटीआई या समकक्ष या एनएसी रहेगी.
