नई दिल्ली, Union Budget 2025 | वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को बजट 2025 पेश का सकती हैं. अब की बार ये माना जा रहा है कि सरकार 15 लाख रुपये तक की सालाना आय वालों को टैक्स में छूट का बड़ा तोहफा दे सकती है. इससे मध्यम वर्ग की डिस्पोजेबल इनकम में इजाफा होगा और खपत बढ़ने की उम्मीद है. ऐसा माना जा रहा है कि सरकार का फोकस बढ़ती महंगाई से जूझ रहे शहरी मध्यम वर्ग पर है.
नई टैक्स व्यवस्था में बदलाव की संभावना
मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार, सरकार 2020- 21 में लागू नई आयकर व्यवस्था में संशोधन पर विचार कर रही है. यह सरल स्ट्रक्चर के चलते 70% से अधिक करदाताओं को आकर्षित कर चुकी है. वर्तमान में नई व्यवस्था के तहत, 3 लाख रुपये तक की आय टैक्स फ्री है. वहीं, 15 लाख से अधिक की आय पर 30% टैक्स लागू होता है. इसके अलावा, 75,000 रुपये की स्टैंडर्ड डिडक्शन से 7.75 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स नहीं लगता.
हो सकते हैं संभावित बदलाव
मिली जानकारी के अनुसार, सरकार मौजूदा टैक्स स्लैब में बड़ा बदलाव कर सकती है. बेसिक छूट सीमा को 3 लाख रुपये से बढ़ाकर 4 लाख रुपये किया जा सकता है. साथ ही, 5% स्लैब 4- 7 लाख रुपये की आय पर लागू किया जा सकता है. ऐसे में 14 लाख रुपये तक की आय वाले लोगों को अधिक राहत मिलेगी. इस बदलाव से खासकर 13-14 लाख रुपये तक सालाना कमाई वालों का बोझ कम होगा. विशेषज्ञ मानते हैं कि स्लैब में 1 लाख रुपये की वृद्धि से करदाताओं को काफी राहत मिलेगी.
