उपलब्धि: भारत ने बनाया दुनिया का सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेन इंजन, हरियाणा में इस रूट पर होगा संचालित

नई दिल्ली | हिंदुस्तान के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भारतीय रेलवे (Indian Railways) द्वारा हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाला ट्रेन इंजन विकसित किया गया है, जो दुनिया में सबसे अधिक हॉर्स पावर वाला इंजन है. दुनिया भर में केवल 4 देश ही ऐसे ट्रेन इंजन बनाते हैं.

hydrogen train

दुनिया का सबसे पॉवरफुल हाइड्रोजन ट्रेन इंजन

उन्होंने बताया कि ये चारों देश 500 से 600 हॉर्स पावर के बीच वाले इंजन का उत्पादन करते हैं जबकि भारतीय रेलवे द्वारा स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए 1,200 हॉर्स पावर की क्षमता वाला ट्रेन इंजन निर्मित किया गया है.

हरियाणा में होगा परीक्षण

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस तरह के पहले ट्रेन इंजन का जल्द ही हरियाणा में जींद- सोनीपत रेलवे लाइन पर परीक्षण किया जाएगा. उन्होंने बताया कि इंजन निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन वर्तमान में इसकी प्रणाली का एकीकरण चल रहा है. अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस तरह की तकनीकी उन्नति से देश को आत्मविश्वास मिलता है और इंटरनेशनल लेवल पर हिंदुस्तान की प्रतिभा को नई पहचान मिलती है.

क्या होता है हाईड्रोजन इंजन?

दुनिया भर के देश पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर नजर आ रहे हैं. जीरो कार्बन इमिशन की बात करें तो परिवहन के भी नए तरीकों की खोज हो रही है, जिनसे कम से कम कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन हो. इसी कड़ी में हाइड्रोजन ट्रेन की परिकल्पना सामने आई है. इस ट्रेन को संचालित करने के लिए डीजल या बिजली का नहीं, बल्कि हाइड्रोजन ईंधन का इस्तेमाल होता है. इसमें या तो हाइड्रोजन इंटरनल कंबनशन इंजन में हाइड्रोजन बर्न कर पावर मिलता है या फिर इंजन के इलेक्ट्रिक मोटर को चलाने के लिए हाइड्रोजन फ्यूल सेल का ऑक्सीजन के साथ रिएक्शन कराया जाता है.

यह भी पढ़े -  दिल्ली जल बोर्ड का बड़ा फैसला, पानी की सप्लाई को लेकर बनेगी नई नीति
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.