नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से महाकुंभ मेले (Mahakumbh Mela 2025) में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. महाकुंभ के दौरान यात्रा की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए एयर इंडिया ने दिल्ली और प्रयागराज के बीच अस्थायी रूप से फ्लाइट सेवा शुरू करने का फैसला लिया है. इनका संचालन 25 जनवरी से 31 फरवरी तक किया जाएगा.
यह रहेगा शेड्यूल
25 जनवरी से 31 जनवरी तक IGI एयरपोर्ट दिल्ली से हवाई जहाज 14.10 बजे उड़ान भरकर 15.20 बजे प्रयागराज पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में 16.00 बजे प्रयागराज से हवाई जहाज उड़ान भरकर 17.10 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगी. वहीं, 1- 28 फरवरी तक दिल्ली से उड़ान भरने का समय 13.00 बजे रहेगा और 14.10 बजे प्रयागराज पहुंचेगी. वापसी में 14.50 बजे प्रयागराज से उड़ान भरकर 16.00 बजे दिल्ली पहुंचेगी.
विदेशी यात्रियों को मिलेगा फायदा
एयर इंडिया एयरलाइंस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि महाकुंभ मेले के लिए दोनों दिशाओं में दिन के समय प्रस्थान से ये उड़ानें दिल्ली के रास्ते भारत के विभिन्न हिस्सों के साथ- साथ उत्तरी अमेरिका, यूरोप, आस्ट्रेलिया और दक्षिण पूर्व एशिया के कई देशों से आवागमन वाले लोगों को कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी.
गौरतलब है कि पूर्व में स्पाइसजेट ने भी महाकुंभ के मद्देनजर प्रयागराज के लिए विशेष उड़ानों की घोषणा की थी, जबकि इंडिगो और अकासा एयरलाइंस भी विभिन्न शहरों से प्रयागराज के लिए उड़ानें संचालित कर रही है.
