रेवाड़ी | नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (New Delhi Railway Station) पर भगदड़ के बाद पुलिस और रेल प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए हैं. इस रेलवे स्टेशन पर अब महाकुंभ मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं की व्यापक भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अतिरिक्त भीड़- भाड़ से बचने के लिए रेवाड़ी से दिल्ली आने वाली दो ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है.
रद्द रहेगी यह ट्रेनें
ट्रेन नंबर 54085/86, दिल्ली- रेवाड़ी- दिल्ली रेलसेवा को 16 फरवरी से आगामी आदेशों तक रद्द कर दिया गया है. रेलवे पुलिस की तरफ से उन ट्रेनों पर ज्यादा नजर रखी जा रही है, जिन ट्रेनों में पीछे से ही अधिक भीड़ होती है. बता दें कि रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से बड़ी संख्या में लोग नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली के लिए सफर करते हैं.
वर्तमान में रेवाड़ी और आसपास के क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग ट्रेन के जरिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंच रहे हैं. फिर यहां से प्रयागराज महाकुंभ मेले के लिए ट्रेन पकड़ते हैं. रेवाड़ी से हर 2 घंटे में दिल्ली के लिए ट्रेन मिल जाती है. ऐसे में अब दिल्ली जाने वाली सामान्य ट्रेनों में भी लोगों की काफी भीड़ देखने को मिल रही है.
महाकुंभ में जाने के लिए रेवाड़ी से मात्र 2 ट्रेनें
रेवाड़ी से प्रयागराज महाकुंभ मेले में जाने के लिए पाटलिपुत्र स्पेशल ट्रेन रविवार को मिलती है, जबकि हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस सप्ताह के 2 दिन चलती है. यह दोनों ट्रेनें पीछे से ही फुल होकर आती है. रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर पैर रखने तक की भी जगह नहीं मिलती है.
लोगों की बढ़ेगी परेशानी
दैनिक यात्रियों ने दिल्ली- रेवाड़ी- दिल्ली पैसेंजर ट्रेन के रद्द होने पर कहा कि इससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ेगी. इस ट्रेन की टाइमिंग काफी सही थी, जिसके जरिए बड़ी संख्या में लोग गुरुग्राम और दिल्ली कार्य के लिए जाते थे. ऐसे में रोजाना आवागमन करने वाले नौकरीपेशा लोगों के लिए समस्या बढ़ गई है. दोबारा कब से संचालन शुरू होगा, इसको लेकर कोई जानकारी नहीं है.
