चरखी दादरी | हरियाणा के चरखी दादरी जिले को बाल भवन की सौगात मिली है. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पंचकूला में आयोजित हुए राज्यस्तरीय महिला सम्मान समारोह के अवसर पर सीएम नायब सिंह सैनी (CM Nayab Singh Saini) ने इस बाल भवन का ऑनलाइन शिलान्यास किया. इस बाल भवन निर्माण से महिलाओं और बच्चों को काफी सुविधाएं मिलेंगी.
बच्चों को मिलेगा फायदा
समाज और देश की उन्नति में बच्चों का समग्र विकास महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है. इसी कड़ी में बाल भवन का निर्माण एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा. सीएम नायब सैनी ने कहा कि इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए बाल भवन की नींव रखी गई है, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास का एक उत्कृष्ट केंद्र होगा.
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि बाल भवन एक ऐसा केंद्र होगा, जहां बच्चों को शिक्षा, कलां, संगीत, खेल, विज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा. यह केवल मात्र पढ़ने की जगह ही नहीं होगी, बल्कि बच्चों की रचनात्मकता को निखारने और उनके व्यक्तित्व को संवारने में भी कारगर साबित होगा.
उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश की महिलाओं को डेयरी इकाइयां स्थापित करने के लिए 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा श्री नायब सिंह सैनी ने ऑनलाइन माध्यम से प्रदेश में 44 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन और बाल भवन चरखी दादरी का शिलान्यास किया।
— DPR Haryana (@DiprHaryana) March 8, 2025
महिलाओं को मिलेगा रोजगार का प्रशिक्षण
चरखी दादरी महिला एवं बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी, गीता सहारण ने बताया कि बाल भवन निर्माण से महिलाओं को भी फायदा पहुंचेगा. उनके लिए बाल भवन में सिलाई, ब्यूटीशियन, कम्प्यूटर आदि कोर्स करवाए जाएंगे, जो महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध होंगे, यानि उन्हें यहां रोजगार का प्रशिक्षण मिलेगा.
जिला कार्यक्रम अधिकारी गीता सहारण ने बताया कि स्थानीय सिविल अस्पताल के पीछे बाल भवन का निर्माण हो रहा है. इसपर करीब 12 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी. इसका निर्माण कार्य लगभग डेढ़ साल में पूरा कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि बाल भवन निर्माण का बच्चों और महिलाओं दोनों को फायदा पहुंचेगा.
