गुरुग्राम | वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि गुरुग्राम डीसी ने दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) पर जिले की सीमा में सभी अवैध कट को तुरंत प्रभाव से बंद करने का आदेश जारी किया हैं. इससे न केवल सड़क हादसों में कमी आएगी बल्कि ट्रैफिक संचालन में भी सुधार देखने को मिलेगा.
अवैध कट के चलते गुरुग्राम में इस हाइवे पर रोजाना एक दर्जन से ज्यादा सड़क हादसे होते हैं, जिन्हें रोकने के लिए उपायुक्त द्वारा यह कदम उठाया गया है. इसके अलावा शहर में जो ब्लैक स्पॉट हैं, उनको भी कम किया जाएगा. वहीं, रांग साइड से वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
हाइवे पर बंद होंगे अवैध कट
गुरुग्राम डीसी अजय कुमार ने कहा कि हाइवे किनारे गाड़ी खड़ी करने से सड़क हादसे का अंदेशा बना रहता है, इसे रोकना होगा. इसके साथ ही, हाइवे पर सभी अवैध कट को बंद करना होगा और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी होगी. इस दौरान 32 ब्लैक स्पॉट पर चर्चा हुई. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जो भी वाहन चालक रांग साइड से सफर करते हुए मिले, उनका चालान किया जाए. जहां गलत साइड से वाहन चलते हैं, ऐसी जगहों को चिह्नित किया जाए.
रिपोर्ट भेजने के आदेश
सोमवार को हुई रोड़ सेफ्टी मीटिंग में डीसी अजय कुमार ने गोल्फ कोर्स रोड पर लॉ लागून सोसायटी के सामने वाहनों की रफ्तार धीमी करने को लेकर आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि हाइवे पर पंचगांव चौक पर पैदल यात्रियों की आवाजाही के सुरक्षित उपाय किए जाएं. यहां बड़ी संख्या में लोग पैदल हाइवे को क्रॉस करते हैं, जिसके चलते यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं. उन्होंने कहा कि बिलासपुर चौक पर फ्लाईओवर के संबंध में अगली बैठक से पहले एक्शन टेकन रिपोर्ट भिजवाई जाए.
सड़क पर न हो ब्लैक स्पॉट
KMP एक्सप्रेसवे के पास अवैध दुकानों को हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं. इसके साथ ही, बिना परमिशन के चल रहे ढाबों पर भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही, यह सुनिश्चित करें कि किसी भी सड़क पर ब्लैक स्पॉट न हो. इनको कम करने की दिशा में सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा.
