नई दिल्ली, Weather News | राजधानी दिल्ली में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. लगातार तापमान में इजाफा दर्ज किया जा रहा है. अगर 25 मार्च की बात करें तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग का कहना है कि आज भी काफी गर्मी महसूस की जा सकती है. आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने के आसार न के बराबर हैं.
लू की चेतावनी जारी
विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 26 मार्च को राजधानी में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम साफ बना रहेगा, जिससे चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान कर सकती है. आज सुबह 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं और हवा में 65% नमी मौजूद है. काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वाटर डिपार्टमेंट ने देशभर में लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
गर्मी से राहत के अभी नहीं आसार
विभाग का कहना है कि इस पूरे सप्ताह गर्मी अपना असर दिखाएगी. हालांकि, शुक्रवार और शनिवार को थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है. 27 मार्च को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है. 28 मार्च को कुछ राहत मिलने की संभावना है, जब न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इस दिन बादल छाए रहने की भी संभावना बनी हुई है.
