कुरुक्षेत्र | हरियाणा में बदलते मौसम के चलते आम जनमानस परेशान नजर आ रहा है. कुरुक्षेत्र (Kurukshetra) में आंधी की चपेट में आने से एक साइकिल सवार व्यक्ति नहर में गिर गया. 1 घंटे तक नहर में फंसे रहने के बाद बहते हुए वह 12 किलोमीटर तक पहुंच गया. काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों की टीम द्वारा उसे बचाया गया. फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है.
रात 11 बजे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह व्यक्ति रात करीब 11:00 नहर के किनारे से होता हुआ साइकिल पर घर की तरफ जा रहा था, लेकिन अचानक से तेज आंधी आई और वह उड़कर नहर में जा गिरा. जैसे ही वह नहर में गिरा उसने चीख पुकार शुरू कर दी. वहां से गुजर रहे लोगों ने जब उसकी आवाज सुनी, तो गोताखोर को फोन करके बुलाया. गोताखोर ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. काफी मेहनत के बाद उस आदमी को बचाया जा सका. अभी उसका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है.
आंधी और बारिश ने मचाया हड़कंप
बीते देर शाम प्रदेश के 14 जिलों में तेज बरसात के साथ आंधी चली. कई जगह ओले गिरने की भी जानकारियां सामने आई. करनाल और जींद में पेड़ गिरने से दो गाड़ियों को नुकसान हुआ. कई जगह बिजली सप्लाई भी बाधित रही. कल आंधी के कारण कई जगह फसलों में आग लगने की भी जानकारियां सामने आई. ऐसे में विशेषज्ञों द्वारा सलाह दी गई है कि अचानक बदलते मौसम में सावधानी बरतें और ज्यादा जरूरत होने पर ही घर से निकले.
