जींद | हिसार लोकसभा क्षेत्र की उचाना विधानसभा से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां गांव सुरबरा और झील में सालों पुरानी पेयजल किल्लत से लोगों को बहुत जल्द छुटकारा मिलने जा रहा है. उचाना सीट से बीजेपी विधायक देवेंद्र चतर्भुज अत्री ने दोनों गांवों में जल मिशन योजना के तहत कुल 2.64 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन किया.
लिफ्ट सिस्टम से पहुंचेगा पानी
बीजेपी विधायक देवेंद्र चतर्भुज अत्री ने झील गांव में 1.25 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित लिफ्टिंग सिस्टम का उद्घाटन किया. इस गांव में 5 हजार मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी. जिससे प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी. यहां बने जलघरों में सिरसा ब्रांच नहर से पानी आयेगा.
मुख्यमंत्री का जताया आभार
सुरबरा गांव में 1.39 करोड़ रुपए की जल परियोजना का उद्घाटन किया गया. दोनों गांवों के जलघरों में भाखड़ा नहर का नीला पानी लिफ्ट सिस्टम से पहुंचेगा. इससे दोनों गांवों में लंबे समय से बनी जलसंकट की समस्या का स्थाई समाधान होगा. दोनों परियोजनाओं के लिए विधायक देवेंद्र चतर्भुज अत्री ने मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार व्यक्त किया.
