जींद | समर वेकेशन में यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने गर्मियों की छुट्टियों में अतिरिक्त भीड़-भाड़ को देखते हुए फिरोजपुर से नांदेड़ के बीच नई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन संचालित करने का फैसला लिया है. इस ट्रेन के संचालन से पंजाब और हरियाणा सहित कई 6 राज्यों के लोगों को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी और उनका सफर सुविधाजनक हो सकेगा.
ये रहेगा शेड्यूल
भारतीय रेलवे ने 13 जून से ट्रेन नंबर 14622/21, फिरोजपुर- नांदेड़ साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखा दी है. इस ट्रेन में सुपरफास्ट ट्रेन की तर्ज पर किराया वसूल किया जाएगा. रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन फिरोजपुर कैंट से प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 01.25 बजे रवाना होकर 38 घंटे का सफर तय करते हुए रविवार रात साढ़े 3 बजे नांदेड़ पहुंचेगी.
हरियाणा में दो स्टेशनों पर करेगी ठहराव
इसी तरह वापसी में नांदेड़ से प्रत्येक रविवार सुबह 11.50 बजे रवाना होकर मंगलवार सुबह 04.40 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी. यह ट्रेन 6 राज्यों से सफर करते हुए 11 स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहराव करेगी. जिनमें फरीदकोट, भटिंडा, जींद, सफदरजंग, फरीदाबाद, मथुरा, ग्वालियर, भोपाल भुसावल, औरंगाबाद और परभणी शामिल हैं.
लंबे समय से थी मांग
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि फिरोजपुर कैंट- नांदेड़ रूट पर यात्रियों की संख्या काफी अधिक है और लंबे समय से इस रूट पर अतिरिक्त ट्रेन के संचालन की मांग उठाई जा रही थी. उन्होंने बताया कि फिरोजपुर कैंट- नांदेड़ साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन में 9 एसी, सात स्लीपर और 4 जनरल सहित कुल 22 डिब्बे होंगे. इस नई ट्रेन के संचालन से यात्रियों का सफर आसान हो जाएगा.
