जींद | हरियाणा के जींद जिले (Jind District) से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि बारिश के बाद मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पूरी गंभीरता और समन्वय से कार्य करते हुए वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण सुनिश्चित करें.
उन्होंने कहा कि डेंगू टेस्ट के लिए 600 रुपये व प्लेटलेट्स पर 11 हजार रुपये से ज्यादा राशि नहीं ली जाए. वहीं, नागरिक भी मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के उपाय अपनाएं और स्वस्थ रहें. इसके साथ ही, उन्होंने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को पाइपलाइन को रिसाव रहित रखने और पर्याप्त क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
प्राइवेट अस्पतालों को सख्त निर्देश
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि प्राइवेट अस्पताल संदिग्ध और पुष्टि किए गए मामलों की तुरंत रिपोर्ट करें. डीसी ने सभी वार्डों में नियमित फागिंग और नोटिफाइड डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में 24 घंटे के भीतर फागिंग अनिवार्य करने के आदेश जारी किया. नगर निकाय टीम को लार्वा पाए जाने पर चालान काटने की कार्रवाई करने को कहा गया है.
सबसे कारगर तरीका
डीसी ने बताया कि प्राइवेट अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि डेंगू टेस्ट के लिए 600 रुपये से अधिक शुल्क नहीं लिया जाए और जरूरत पड़ने पर सिंगल डोनर प्लेटलेट्स का शुल्क 11 हजार रुपये से अधिक नहीं हो. उन्होंने कहा कि मलेरिया और डेंगू की रोकथाम के लिए मल्टी- सेक्टरल एप्रोच ही सबसे कारगर तरीका है. यदि सभी विभाग समय रहते मिलकर कार्य करें, तो जिले में इन बीमारियों की रोकथाम करना संभव हो सकेगा.
