गुरुग्राम शहर से छू- मंतर होगा ट्रैफिक जाम, इन चौराहों पर बनेंगे नए फ्लाईओवर

गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में यहां 2 नए फ्लाईओवर बनाने की तस्वीर साफ हो गई है. गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) द्वारा अंबेडकर चौक (सेक्टर- 45, 46,51,52 चौराहे) और दादी सती चौक (सेक्टर- 86, 88, 89, 90 चौराहे) पर फ्लाईओवर निर्माण की योजना तैयार की है.

Flyover Bridge 1

पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज ने इन दोनों फ्लाईओवर के डिजाइन को मंजूरी प्रदान कर दी है. GMDA की ओर से अब इन फ्लाईओवर के निर्माण का टेंडर 30 नवंबर तक लगा दिया जाएगा.

ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा

10 नवंबर को सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई GMDA की बैठक में इस प्रोजेक्ट को समीक्षा के लिए रखा गया था. उन्हें बताया गया था कि किस वजह से अब तक इन फ्लाईओवर का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है. उन्हें बताया गया कि 30 नवंबर तक इन फ्लाईओवर के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिए जाएंगे.

सफर होगा छोटा

GMDA के एक अधिकारी ने बताया कि अंबेडकर चौक पर फ्लाईओवर को गुरुग्राम- सोहना हाइवे की ओर बनाया जाएगा जबकि दादी सती चौक पर फ्लाईओवर का निर्माण द्वारका एक्सप्रेसवे की तरफ किया जाएगा. मौजूदा समय में इन दोनों जगहों पर सुबह-शाम अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती हैं. इन चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगे हुए हैं, जिन्हें पार करते समय कुछ मिनटों का सफर बहुत लंबा हो जाता है.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के बादशाहपुर क्षेत्र को मिलेगी नई रफ्तार, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर ने इन विकास कार्यों का दिया तोहफा

सहूलियत में बढ़ोतरी

उन्होंने बताया कि लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा इन दोनों चौराहों पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग की जा रही थी. अधिकारी ने बताया कि टेंडर आवंटित होने के बाद निर्धारित समयावधि से पहले दोनों फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा करने का प्रयास किया जाएगा. इससे लोगों की सहूलियत में बढ़ोतरी होगी और उनका सफर आसान हो जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.