दिल्ली- चंडीगढ़ की तर्ज पर हरियाणा के इस शहर में खुली नाइट फूड मार्केट, कई तरह के स्वादिष्ट व्यंजनों का चखेंगे स्वाद

अंबाला | खाने- पीने के शौकीन लोगों के लिए हरियाणा के अंबाला जिले से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां दिल्ली और चंडीगढ़ की तर्ज पर नाइट फूड स्ट्रीट मार्केट की शुरुआत हो रही है, जहां लोगों को एक ही छत के नीचे कई तरह के फूड आइटम्स का स्वाद चखने को मिलेगा.

Street Food

यहां पर सजेगी नाइट फूड स्ट्रीट मार्केट

अंबाला कैंट के गांधी मैदान के पास नाइट फूड स्ट्रीट मार्केट का निर्माण किया गया है. अब इसकी सजावट का काम शुरू हो चुका है. जल्द ही, नगर परिषद द्वारा इसका उद्घाटन किया जाएगा. इस मार्केट में दुकानों को निविदा के जरिए प्रमुख खान- पान कंपनियों को देने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. पहले चरण में यहां एक करोड़ रुपए और दूसरे चरण में लगभग 2 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी.

इस नाइट फूड स्ट्रीट मार्केट में 200 से ज्यादा आदमी बैठकर खाने- पीने का लुत्फ उठा सकेंगे. वहीं, गांधी मैदान के पास खाली पड़ी जमीन को दुरुस्त कर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. यहां आने वाले लोगों के लिए साफ- सुथरा परिसर, शौचालय और पीने का साफ पानी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई है. सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे और गार्डों को तैनात किया जाएगा. बच्चों के मनोरंजन के लिए खेल- खिलौने और अन्य गतिविधियां शामिल होंगी.

हाइवे से गुजरने वालों को मिलेगा फायदा

नगर परिषद के ईओ देवेंद्र नरवाल ने बताया कि नाइट फूड स्ट्रीट के लिए खान- पान से जुड़ी नामी कंपनियों से 27 नवंबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. इस मार्केट में 20 नॉन- वेज और 40 वेज दुकानें होंगी, जहां आप तरह- तरह के लजीज व्यंजन का स्वाद चख सकेंगे. अंबाला- जगाधरी नेशनल हाईवे से आवागमन करने वाले लोग भी इस नाइट फूड स्ट्रीट मार्केट में खाने- पीने का लुत्फ उठा सकेंगे क्योंकि यह जगह बिल्कुल इस हाइवे के नजदीक हैं. उन्होंने बताया कि स्थानीय मशहूर ब्रॉड भी इस मार्केट में दुकान खोलने के लिए आवेदन कर सकते हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.