चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है. पहाड़ों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है. राज्य के कई जिलों में तापमान निरंतर गिर रहा है. जिससे सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ रही है. इस समय हरियाणा में नारनौल जिला सबसे ठंडा रहा है. जहां न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हिसार का तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि कैथल में 8.9 डिग्री और जींद में 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
राज्य के अधिकतर शहरों में तापमान 10 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे ठंडी हवाओं का असर ज्यादा महसूस हो रहा है.
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने वाली है. 27 नवंबर से मौसम बदलने की संभावना भी जताई गई है. उस दौरान बादल छाने से दिन के तापमान में गिरावट आएगी, ठंड का असर और बढ़ेगा. वही 27 व 28 नवंबर को बीच बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है.
नमी बढ़ने से घनी होगी धुंध
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नमी बढ़ने से धुंध की परत और घनी हो सकती है. सुबह के समय हल्की धुंध देखी जा रही है, जबकि दिन में धूप का असर धीरे- धीरे कम हो रहा है. इस समय हरियाणा में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में ठंड ओर बढ़ने की संभावना है.
