अंबाला | सर्द मौसम की शुरुआत के साथ ही कोहरा रेलयात्रियों के लिए परेशानी लेकर आया है. घने कोहरे के बीच ट्रेनों के सुरक्षित संचालन को ध्यान में रखते हुए रेलवे (Indian Railways) द्वारा खासकर हरियाणा और पंजाब से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें रद्द करने का फैसला लिया है. इसी कड़ी में सुबह के समय अंबाला कैंट से पानीपत के बीच सफर करने वाली 2 मेमू ट्रेनों को तीन महीने के लिए अस्थाई तौर पर रद्द किया गया है. यात्रियों की सुरक्षा का ख्याल रखते हुए रेलवे द्वारा यह फैसला लिया गया है.
दैनिक यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
अंबाला डिविजन के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि ट्रेन नंबर 64541, जो पानीपत से सुबह 06.05 बजे अंबाला के लिए चलती है और ट्रेन नंबर 64532, जो अंबाला से सुबह 06.58 बजे पानीपत के लिए रवाना होती है, दोनों ट्रेनों को 1 दिसंबर से 28 फरवरी 2026 तक रद्द कर दिया गया है.
इन दोनों पैसेंजर ट्रेनों के रद्द होने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी होगी. खासतौर पर नौकरी, औद्योगिक इकाइयों, स्टूडेंट्स इत्यादि को अब अपने सफर के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ेगा जिससे समय और खर्च दोनों ही बढ़ेंगे. दैनिक यात्रियों ने बताया कि समय की बचत और किफायती किराए के हिसाब से मैमू ट्रेनें उनके लिए सबसे बेहतर विकल्प थी लेकिन अब 3 महीने तक प्राइवेट वाहनों के सहारे भाग-दौड़ करनी पड़ेगी.
यात्रियों का कहना है कि रेलवे प्रशासन को कोहरे के बीच संचालन में सुधार या अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराने चाहिए, ताकि सुबह के समय रोजाना सफर करने करने वाले यात्रियों को राहत मिल सकें. उन्होंने बताया कि अभी कोहरे का इतना ज्यादा असर भी देखने को नहीं मिल रहा है, इसलिए रेलवे को अभी कुछ दिन और इन ट्रेनों के संचालन को सुचारू रूप से जारी रखना चाहिए.
