अंबाला | रेलयात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि अमृत भारत योजना के तहत देशभर के रेलवे स्टेशनों को पुनर्विकसित किया जा रहा है. यहां पर यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है. इसी कड़ी में एयरपोर्ट की तर्ज पर अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर ऑटोमैटिक मशीन स्थापित करने का फैसला लिया गया है. इन मशीनों में सिक्का डालते हुए पेय व खाद्य पदार्थ मिलेंगे.
वेटिंग रूम में लगेगी मशीनें
अंबाला कैंट स्टेशन पर इस समय 4 वेटिंग रूम बने हुए हैं. किसी भी वेटिंग रूम में खाने- पीने की चीजों की सुविधा उपलब्ध नहीं है. ऐसे में यदि किसी यात्री को इन चीजों की जरूरत होती है, तो उसे प्लेटफॉर्म पर स्थित स्टॉल या भोजनालय तक भाग- दौड़ करनी पड़ती है, लेकिन अब अंबाला कैंट स्टेशन पर यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के लिए अंबाला रेल मंडल का वाणिज्य विभाग कार्रवाई में जुट गया है.
पूरी योजना का प्रारुप तैयार करके मंडल रेल प्रबंधक के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा. इसके अलावा, ऑटोमैटिक खाद्य एवं पेय पदार्थों से जुड़ी मशीनों की सप्लाई देने वाली कंपनी के प्रतिनिधियों से भी मंत्रणा की जाएगी और यह कार्य निविदा जारी करके शुरू किया जाएगा.
मिलेगी यह सुविधाएं
अंबाला रेल मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि पहले चरण में इस सुविधा की शुरुआत अंबाला कैंट स्टेशन से शुरू करने की योजना बनाई गई है. इस सुविधा के सफल होने के बाद इसे मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी शुरू किया जाएगा, ताकि यात्रियों को अपने पास ही खाने- पीने की चीजों की सुविधा मिल सके.
अंबाला कैंट स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं में इजाफा करने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं ताकि यात्रियों की परेशानियों को कम किया जा सकें. इसी कड़ी में अब एयरपोर्ट की तर्ज पर ऑटोमैटिक मशीनें स्थापित करने की योजना बनाई गई है ताकि सिक्का डालकर यात्री मशीन से खाद्य एवं पेय पदार्थ प्राप्त कर सकें- एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्यिक प्रबंधक, अंबाला मंडल
