चंडीगढ़ | हरियाणा में सर्द मौसम का पूरी तरह से आगाज हो चुका है. ठंडी हवाएं ठिठुरन बढ़ा रही हैं और घने कोहरे के चलते दृश्यता घटकर नाममात्र रह गई है. ऐसे ठंडे मौसम में खासतौर पर छोटे बच्चों को स्कूल जाने में खासी परेशानी झेलनी पड़ती है. इसको देखते हुए हरियाणा सरकार ने प्रदेश के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में शीतकालीन अवकाश की घोषणा कर दी है. इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से आदेश जारी किए गए हैं.
शिक्षा निदेशालय ने जारी किया पत्र
शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी पत्र के मुताबिक, हरियाणा प्रदेश के सभी स्कूलों में 1 जनवरी 2026 से 15 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश घोषित किया गया है. कक्षा पहली से 12वीं कक्षा तक के बच्चों की सर्दियों की छुट्टियां की गई है. शुक्रवार 16 जनवरी से पुनः सुचारू रूप से स्कूल खोले जाएंगे.
यह आदेश प्रदेश के सभी स्कूल मुखिया और प्रभारी पर लागू होंगे. सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधिकार क्षेत्र में स्थित स्कूलों में इन आदेशों की सख्ती से पालन सुनिश्चित करें. शिक्षा विभाग का कहना है कि लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.
सामान्य कक्षाओं के संचालन पर रोक
इन आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि सर्दियों की छुट्टियों के दौरान सामान्य कक्षाओं के संचालन पर भी रोक रहेगी. वहीं, CBSE, ICSE बोर्ड सहित अन्य बोर्डों के नियमानुसार कक्षा 10वीं और 12वीं के स्टूडेंट्स को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रैक्टिकल एग्जाम के लिए स्कूल में बुलाया जा सकता है. इसके लिए संबंधित स्कूलों को बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देश का पालन करना होगा.
