नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो से जुड़ी बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि बुधवार यानी कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में दिल्ली मेट्रो विस्तार के लिए 12,015 करोड़ रुपए की बड़ी धनराशि को मंजूरी प्रदान की गई है. इस विस्तार के तहत Phase- 5A में 16 किलोमीटर लंबी नई लाइन बिछाई जाएगी और इसपर कुल 13 स्टेशन बनेंगे.
इस रूट पर होगा विस्तार
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसले की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि दिल्ली मेट्रो का विस्तार तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज, रामकृष्ण आश्रम से इंद्रप्रस्थ और एरोसिटी से टर्मिनल- 1 तक होगा. इन रूट्स का फोकस सरकारी इलाकों, IGI एयरपोर्ट और घनी आबादी वाले साउथ ईस्ट दिल्ली क्षेत्रों पर है. इन रूट्स से सरकारी दफ्तरों, अंतरराष्ट्रीय इवेंट वेन्यू, एयरपोर्ट और रेजिडेंशियल इलाकों तक पहुंच पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगी.
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि दिल्ली मेट्रो विस्तार के तहत 12,015 करोड़ रुपए की लागत से दिल्ली मेट्रो के Phase- 5A को मंजूरी दी गई है. इसके तहत, मेट्रो लाइन का 16 किलोमीटर विस्तार होगा और इस रूट पर 13 नए स्टेशन बनेंगे. इसमें 10 भूमिगत और 3 स्टेशन एलिवेटेड होंगे. उन्होंने बताया कि इस मेट्रो विस्तार प्रोजेक्ट को पूरा करने में 3 साल का समय लगेगा.
यात्रियों को मिलेगा फायदा
वैष्णव ने बताया कि ज्यादातर निर्माण कार्य सुरंग खोदने वाली मशीनों का उपयोग करके भूमिगत रूप से किया जाएगा ताकि ट्रैफिक संचालन में रूकावटें पैदा ना हो. बता दें कि दिल्ली- एनसीआर क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन के रूप में दिल्ली मेट्रो की बहुत बड़ी भूमिका रहती है. अपने गंतव्य स्थान तक तेज और आरामदायक सफर के लिए ज्यादातर लोग मेट्रो सेवा का लाभ उठाते है. ऐसे में दिल्ली मेट्रो का विस्तार होने पर यात्रियों की इस सुविधा में और ज्यादा इजाफा हो सकेगा.
