भिवानी | हरियाणा के भिवानी जिले में किसानों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां लोहारू विधानसभा क्षेत्र के गांव सलेमपुर को वीटा मिल्क चिलिंग सेंटर की सौगात मिली है. इसका उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सीएम नायब सैनी और सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने किया. पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने इस मिल्क प्लांट के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह मिल्क प्लांट क्षेत्र में पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों और किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
भिवानी के युवाओं को रोजगार के अवसर
यह वीटा सेंटर लगभग 100 सरकारी दुग्ध सहकारी समितियों से दूध इकट्ठा करेगा. यहां 20 से ज्यादा बल्क मिल्क कूलर (BMC) का प्रबंध किया जाएगा. इस मिल्क प्लांट के शुरू होने से बहल, सिवानी और तोशाम जैसे अन्य शहरों में बंद वीटा दूध सहकारी समितियों फिर से काम में लाया जा सकेगा. इन मिल्क प्लांट चिलिंग सेंटर के माध्यम से यहां और यहां के आसपास के क्षेत्रों में लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी.
इस मिल्क प्लांट की नींव 27 मई 2023 को जेपी दलाल द्वारा रखी गई थी. यह मिल्क प्लांट चिलिंग सेंटर लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया है और इसका निर्माण 2 एकड़ भूमि में किया गया है. इस मिल्क सेंटर में 20 हजार लीटर दूध प्रतिदिन इकट्ठा किया जाता है. भविष्य में इसकी क्षमता को 20 हजार लीटर से बढ़ाकर 40 हजार लीटर प्रतिदिन करने की योजना बनाई जा रही है.
मिठाई बनाने कि योजना
इस मिल्क प्लांट से गांवों के लोगों को दूध, दही, लस्सी जैसे वीटा उत्पाद आसानी से मिल जाएंगे. दुग्ध उत्पादक किसानों को भी उनके दूध का उचित रेट मिल जाएगा. जिससे वे मनमानी करने वाली निजी संस्थाओं से बच सकेंगे. इससे दुग्ध उत्पादक किसानों की आय में वृद्धि होगी. भविष्य में इस मिल्क प्लांट पर मिठाई बनाने की योजना जारी है. इससे वीटा के उत्पादों के प्रति लोग जागरूक होंगे.
