हरियाणा में जनगणना की तैयारियों ने पकड़ा जोर, ट्रांसफर- पोस्टिंग पर रोक और शिक्षकों को रहेगी छूट

चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने औपचारिक तौर पर जनगणना 2027 की व्यापक तैयारियां शुरू कर दी है. इस बार की जनगणना पूरी तरह से डिजिटल मोड में होगी. केंद्र सरकार के दिशा- निर्देशों के अनुरूप जनसंख्या का पहला चरण इसी साल 1 मई से शुरू होगा.

Janganna

चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी ने बताया कि जनसंख्या डाटा की सटीकता, एकरूपता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के मकसद से प्रदेश में सभी प्रशासनिक सीमाओं को फ्रीज कर दिया गया है. जनगणना का कार्य पूरा होने तक इनमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा. जिलास्तर पर तैयारियों को पुख्ता करने के लिए जल्द ही उपायुक्तों की एक दिवसीय कॉन्फ्रेंस बुलाई जाएगी ताकि प्रधान जनगणना अधिकारियों को समय- सीमा, दायित्वों और विस्तृत परिचालन योजना के प्रति संवेदनशील बनाया जा सके.

हरियाणा में जनगणना

उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 के लिए गणना कर्मियों और पर्यवेक्षकों को प्रथम चरण के लिए 9 हजार और दूसरे चरण के लिए 16 हजार यानि कुल 25 हजार रुपए मानदेय दिया जाएगा. मानदेय प्रत्येक चरण का काम सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद देय होगा. इसके अतिरिक्त राज्य, मंडल, जिला और उपमंडल स्तर के अधिकारियों के लिए भी मानदेय स्वीकृत किए गए हैं ताकि जवाबदेही और प्रेरणा सुनिश्चित की जा सके. वहीं, जनगणना कार्य के लिए हरियाणा राज्य को केंद्र सरकार की तरफ से 200 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 33 नए नायब तहसीलदारों की हुई नियुक्ति

ट्रांसफर पर रोक

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने जनगणना 2027 की सफलता के लिए मजबूत अंतर विभागीय समन्वय और समय पर निर्णय लेने की आवश्यकता जताते हुए सभी विभागों से पूर्ण सहयोग का आह्वान किया. निरंतरता बनाए रखने और किसी भी प्रकार के व्यवधान से बचने के लिए यह भी फैसला लिया गया है कि जनगणना अवधि के दौरान जनगणना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण नहीं किया जाएगा, जिसके लिए आवश्यक दिशा- निर्देश जारी किए जाएंगे. उन्होंने यह भी बताया कि जमीनी स्तर पर प्रभावी निगरानी के लिए जनगणना 2027 को मासिक जिला स्तरीय समीक्षा बैठकों के स्थायी एजेंडा में शामिल किया जाएगा.

चीफ सेक्रेटरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि शिक्षकों को छोड़कर जनगणना कार्य के लिए प्रतिनियुक्त कर्मचारियों की तैनाती फरवरी में की जाएगी. पहले चरण में लगभग 60 हजार सरकारी कर्मचारी, गणनाकर्मी और पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किए जाएंगे. इस कार्य के लिए शिक्षकों एवं अन्य सरकारी कर्मचारियों को वरीयता दी जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.