नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से मेट्रो विस्तार से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है और इसका सीधा फायदा हरियाणा के लोगों को भी मिलेगा. बता दें कि Phase 4 के तहत प्रस्तावित ग्रीन लाइन के विस्तार के लिए बजट राशि को दिल्ली सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी है.

IGI एयरपोर्ट की डगर होगी आसान
दिल्ली सरकार ने ग्रीन लाइन पर इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ तक के मेट्रो कॉरिडोर के लिए बजट राशि को हरी झंडी दिखा दी है. इसके बाद बहादुरगढ़ से दिल्ली स्थित IGI एयरपोर्ट, इंद्रप्रस्थ और राजधानी के अन्य इलाकों तक ट्रैफिक जाम से दूर आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा.
12 किमी लंबा होगा रूट
फिलहाल ग्रीन लाइन बहादुरगढ़ से वाया इंद्रलोक व कीर्ति नगर तक हैं. अब मेट्रो विस्तार के चौथे चरण के तहत दिल्ली में ग्रीन लाइन को आगे बढ़ाया जाएगा. इसमें इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ तक 12 किलोमीटर लंबी नई लाइन बिछाई जाएगी. इस रूट पर 10 स्टेशन (1 एलिवेटेड, 9 अंडरग्राउंड) होंगे, जो मध्य और पुरानी दिल्ली को कनेक्टिविटी प्रदान करेगा.
भीड़भाड़ से मिलेगा छुटकारा
इस लाइन पर नई दिल्ली स्टेशन ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन बनेगा. ऐसे में दिल्ली स्थित IGI एयरपोर्ट पहुंचना भी आसान हो जाएगा. इसके अलावा आईटीओ, दिल्ली सचिवालय सहित आसपास के इलाकों तक भी यात्रा करना सुगम हो जाएगा. लोगों को सड़कों की भीड़- भाड़ से दूर सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी के रूप में एक तेज गति का विकल्प मिलेगा जिससे नाममात्र समय में वो अपने गंतव्य स्थान पर पहुंच जाएंगे.