नई दिल्ली | नांदेड़ साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. श्री गुरु तेग बहादुर साहिब की 350वीं शहादत वर्षगांठ पर नांदेड़ में 24- 25 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा कर दी है ताकि अतिरिक्त भीड़-भाड़ से निजात मिल सके.
यह रहेगा शेड्यूल
पहली विशेष रेलगाड़ी (ट्रेन नंबर 04524/23) चंडीगढ़- नांदेड़- चंडीगढ़ आरक्षित एक्सप्रेस ट्रेन रहेगी. यह ट्रेन चंडीगढ़ से 23 व 24 जनवरी को तथा हजूर साहिब नांदेड़ से 25 व 26 जनवरी को संचालित होगी. ट्रेन नंबर 04524, चंडीगढ़ से सुबह 05.40 बजे रवाना होकर अंबाला कैंट, पानीपत, दिल्ली सफदरजंग, आगरा कैंट, झांसी, भोपाल, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, छत्रपति संभाजी नगर, जालना, परभणी और पूर्णा होते हुए डेढ़ बजे नांदेड़ पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 04523, रात 9 बजे नांदेड़ से रवाना होकर सुबह 8 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी.
हज़रत निज़ामुद्दीन- नांदेड़ स्पेशल ट्रेन
ट्रेन नंबर 04494, हज़रत निज़ामुद्दीन से 23 व 24 जनवरी को दोपहर साढ़े 12 बजे रवाना होकर आगरा कैंट, झांसी, बीना, भोपाल, इटारसी, खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड, छत्रपति संभाजी नगर, जालना, परभणी, पूर्णा होते हुए शाम 4.20 बजे नांदेड पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 04493, रात 08.10 बजे नांदेड़ से रवाना होकर अगले दिन रात 11.20 बजे हज़रत निज़ामुद्दीन पहुंचेगी.
अमृतसर- चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन
ट्रेन नंबर 04642, 23 व 24 जनवरी को अमृतसर से सुबह 03.35 बजे रवाना होकर शाम 07.25 बजे नांदेड़ और अगले दिन सुबह साढ़े 3 बजे चर्लपल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 04641, 25 व 26 जनवरी को चर्लपल्ली से शाम 03.40 बजे रवाना होकर उसी रात साढ़े 9 बजे नांदेड़ और अगले दिन शाम 03.10 बजे अमृतसर पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, ढंडारी कलां, अंबाला कैंट, पानीपत, दिल्ली सफदरजंग, आगरा कैंट वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, भोपाल, इटारसी, खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, पूर्णा, हजूर साहिब नांदेड़, बासर, निजामाबाद, कामारेड्डी और बोलारम स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
