नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यात्रियों की आवाजाही को और ज्यादा सुगम बनाने के लिए मेजेंटा लाइन के विस्तार की योजना बनाई है.
रामकृष्ण रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक फैला यह 9.913 किलोमीटर लंबा यह अंडरग्राउंड कॉरिडोर 9 नए स्टेशनों के साथ शहर के प्रमुख इलाकों के बीच सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा. इससे जहां दिल्ली की सड़कों से ट्रैफिक दबाव कम होगा तो वहीं, दूसरी ओर यात्रा के समय में बचत आएगी. वहीं, रोजाना सफर करने वालों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन की शानदार सुविधा मिलेगी.
दिल्ली में इन जगहों पर बनेंगे नए स्टेशन
इस रूट पर जिन जगहों पर स्टेशन बनेंगे उनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉट मेमोरियल- हाईकोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ शामिल हैं. ये स्टेशन दिल्ली के दिल में स्थित महत्वपूर्ण सरकारी, ऐतिहासिक और व्यावसायिक क्षेत्रों को कवर करेंगे. जिससे लोगों को कार या निजी वाहनों की बजाय मेट्रो से तेज और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा.
मजेंटा लाइन के विस्तार के तहत रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक का यह हिस्सा दिल्ली के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा, खासकर इंद्रप्रस्थ क्षेत्र जो पुरानी दिल्ली और नई दिल्ली को जोड़ता है. जिसके बाद अब प्रमुख स्थानों जैसे इंडिया गेट, भारत मंडपम और हाईकोर्ट का सफर तय करने में नाममात्र समय लगेगा.
समय और ईंधन की होगी बचत
DMRC के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली मेट्रो की इस नई पहल से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा बल्कि रोजाना सफर करने वाले यात्रियों का समय और ईंधन दोनों की बचत होगी. अब इस कॉरिडोर पर जल्द से जल्द मेट्रो परिचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि दिल्ली के लोगों को सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी के रूप में एक और बेहतर विकल्प मिल सके.
