चंडीगढ़ | पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में आज नगर निगम चुनाव का आयोजन हुआ जिसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सौरव जोशी नए मेयर निर्वाचित हुए हैं. उनका सीधा मुकाबला आम आदमी पार्टी (AAP) के मेयर पद उम्मीदवार योगेश ढींगरा और कांग्रेस के गुरप्रीत गाबी के साथ था. लेकिन बीजेपी के सौरव जोशी 18 वोट के साथ मेयर चुने गए हैं.
त्रिकोणीय मुकाबले में बीजेपी ने हासिल की जीत
चंडीगढ़ में इस बार मेयर पद का चुनाव सिक्रेट बैलेट वोटिंग की जगह पार्षदों के हाथ खड़े कर करवाया गया था. पहली बार तीनों पार्टियां मेयर पद चुनाव लड़ रही थी जबकि पिछले दो चुनावों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन था लेकिन इस बार उनका गठबंधन टूट गया था जिसका सीधा फायदा बीजेपी को मिला. कांग्रेस मेयर पद के उम्मीदवार को चंडीगढ़ लोकसभा सीट से सांसद मनीष तिवारी के वोट सहित कुल 7 वोट मिले. चंडीगढ़ नगर निगम में आज मेयर के साथ सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के लिए भी मतदान होगा.
किस पार्टी के पास कितने वोट
चंडीगढ़ नगर निगम में मौजूदा दलीय स्थिति की बात करें तो बीजेपी के पास 18 पार्षद, आम आदमी पार्टी के पास 11 और कांग्रेस के पास 6 पार्षदों सहित एक सांसद का वोट है.
सीनियर डिप्टी मेयर पद पर भी BJP की जीत
मेयर पद चुनाव के बाद सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए मतदान हुआ, जिसका कांग्रेस पार्टी ने बहिष्कार कर दिया क्योंकि पार्टी के 6 पार्षद मेयर के लिए मतदान के बीच से ही सदन से वाकआउट कर गए. ऐसे में मतदान हुआ और बीजेपी के सीनियर डिप्टी मेयर पद के उम्मीदवार 18 वोट के साथ जीत हासिल कर नए सीनियर डिप्टी मेयर निर्वाचित हुए. जबकि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को 11 वोट उनकी पार्टी के पार्षदों के प्राप्त हुए.
